दिल्ली दंगे: विपक्षी नेता राष्ट्रपति से मिले, उठाए सवाल- आज की बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, twitter/rashtrapatibhvn
विपक्ष के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिला और उन्हें दिल्ली दंगों के मामले में हुई जाँच से संबंधित विपक्ष की चिंताओं से अवगत कराया.
सीपीआई नेता डी. राजा, सीपीआई (एम) नेता सीताराम येचुरी, कांग्रेसी नेता अहमद पटेल, डीएमके से कनिमोझी और आरजेडी नेता मनोज झा इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे.
इन नेताओं ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को एक ज्ञापन सौंपा जिसमें विपक्ष के नेताओं ने दिल्ली पुलिस की जाँच पर सवाल उठाए हैं.
विपक्ष की ओर से दिये गए ज्ञापन में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस नागरिकता क़ानून के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करने वालों को दंगाई बता रही है.
दिल्ली पुलिस ने कम्युनिस्ट पार्टी के बड़े नेता सीताराम येचुरी से लेकर कई बुद्धिजीवियों के नाम लिए हैं जो प्रदर्शन में भाषण देने गए थे.
ज्ञापन में कहा गया है, 'दिल्ली पुलिस की जाँच एकतरफ़ा है. कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें दंगों में दिल्ली पुलिस की भूमिका भी नज़र आती है. दिल्ली पुलिस की जाँच पूरी तरह पक्षपातपूर्ण है. दिल्ली दंगों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए, ताकी लोगों का विश्वास क़ानून और व्यवस्था देखने वाली संस्थाओं पर बना रहे.'
पांचों सांसदों ने माँग की है कि दिल्ली दंगों की जाँच 'कमीशन ऑफ़ इन्क्वायरी एक्ट 1952' के तहत किसी मौजूदा या रिटायर्ड जज से कराई जाए.
राज्यसभा सांसद का कोरोना से निधन

इमेज स्रोत, Facebook
भारतीय जनता पार्टी के नेता और सदस्य अशोक गस्ती का गुरुवार को निधन हो गया है. कोरोना संक्रमण के बाद बेंगलरु में उनका इलाज किया जा रहा था.
55 वर्षीय अशोक गस्ती ने इस साल 22 जुलाई को ही राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ग्रहण की थी.
राज्यसभा सांसद बनने से पहले अशोक गस्ती, कर्नाटक पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष भी रहे थे.
पेशे से वकील अशोक गस्ती को कर्नाटक के रायचूर ज़िले में बीजेपी को मज़बूत करने का श्रेय दिया जाता है.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस के सदस्य रहे अशोक गस्ती कर्नाटक में बीजेपी युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे थे.
बीजेपी नेता और गृहमंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर शोक जताया है.
इससे एक दिन पहले ही तिरुपति से लोकसभा सासंद बाली दुर्गा प्रसाद का भी निधन हुआ था. वे वायएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता थे.
65 वर्षीय बाली दुर्गा प्रसाद को कोरोना संक्रमण हुआ था, जिसके बाद चेन्नई के अस्पताल में उनका इलाज हो रहा था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















