You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
विनोद दुआ की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में रविवार को विशेष सुनवाई -आज की प्रमुख ख़बरें
जाने-माने पत्रकार विनोद दुआ की याचिका पर रविवार को सुप्रीम कोर्ट विशेष सुनवाई होगी. विनोद दुआ ने अपने ख़िलाफ़ सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के लिए अफ़वाह फैलाने को लेकर दर्ज हो रहे मुक़दमों में गिरफ़्तारी से बचाव के लिए तत्काल सुनवाई के लिए याचिका दाखिल किया है.
सुप्रीम कोर्ट में आम तौर पर जल्दी सुनवाई के लिए वक्त नहीं मिल पाता है लेकिन विनोद दुआ के मामले में ऐसा हो रहा है.
इससे पहले शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश में विनोद दुआ के ख़िलाफ़ देशद्रोह का मुक़दमा दर्ज किया गया है.
इसकी जानकारी ख़ुद विनोद दुआ ने अपने फ़ेसबुक अपडेट के ज़रिए दी थी. उन्होंने लिखा, "आज (शुक्रवार) सुबह तक़रीबन सात बजे हिमाचल प्रदेश की पुलिस मेरे घर पहुंची. मुझे एक नोटिस थमााय और कल (शनिवार) सुबह दस बजे तक शिमला के एक थाने में हाज़िरी देने का हुक्म सुनाया.''
इससे पहले बीजेपी के एक प्रवक्ता नवीन कुमार की शिकायत पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी चार जून को विनोद दुआ के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की थी.
विनोद दुआ के ऊपर आईपीसी की धारा 290 (लोगों के बीच अशांति पैदा करना), 505 (समाज में अशांति पैदा करने वाला बयान देना) और 505 (2) (अपमानजनक टिप्पणी वाले प्रकाशित सामग्रियों को बेचना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
बीजेपी प्रवक्ता ने विनोद दुआ पर यूट्यूब चैनल एचडब्लू न्यूज़ पर फ़ेक न्यूज़ की मार्केटिंग करने का आरोप लगाया है.
आर्मी चीफ़ जनरल नरवणे बोले, बॉर्डर पर हालात नियंत्रण में
भारत के सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने शनिवार को ये भरोसा दिलाया कि चीन से लगने वाली भारतीय सीमा पर हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है.
देहरादून में सेना प्रमुख ने कहा, "चीन से हमारी कमांडर स्तर की बातचीत चल रही है."
उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि निरंतर बातचीत से हम अपने मतभेदों को दरकिनार कर पाएंगे... सबकुछ नियंत्रण में है."
नेपाल के साथ जारी विवाद पर जनरल एमएम नरवणे ने कहा, "नेपाल के साथ हमारा बेहद मजबूत रिश्ता है. हमारे भौगोलिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक जुड़ाव रहा है. नेपाल और भारत के लोगों का भी एक दूसरे से गहरा जुड़ाव रहा है. उनके साथ हमारे रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं और भविष्य में भी हमेशा मजबूत रहेंगे."
शुक्रवार को भारत और चीन के मेजर-जनरल स्तर के अधिकारियों के बीच पूर्वी लद्दाख में जारी सीमा विवाद पर बातचीत हुई है.
पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें फिर बढ़ीं
शनिवार को पेट्रोल 59 पैसा प्रति लीटर और डीज़ल 58 पैसा प्रति लीटर के हिसाब से और महंगा हो गया. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पिछले सात दिनों में पेट्रोल की कीमत 3.9 रुपया और डीज़ल की कीमत चार रुपया प्रति लीटर की दर से बढ़ाई गई है. पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी जारी है.
पिछले छह दिनों में हर दिन पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़ा किया गया है. 11 जून को पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में 60 पैसे की वृद्धि हुई है. तेल की क़ीमतों में यह वृद्धि उस वक़्त हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमत अपने न्यूनतम स्तर पर पहुँचने के बाद अब धीरे-धीरे सुधर रही है.
हाल में अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमत क़रीब माइनस 37.63 डॉलर तक चली गई थी लेकिन अब यह क़रीब प्रति बैरल 40 डॉलर से अधिक हो गई है. समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार सामान्य दिनों में भारत में रोज़ाना 46-50 लाख प्रति बैरल तेल की खपत होती है.
लेकिन भारतीय तेल बाज़ार का अनुमान है कि कोविड-19 महामारी की वजह से भारत में तेल की खपत लगभग 30 प्रतिशत कम हो गई है. सरकारी आँकड़ों के मुताबिक़ भारत लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)