भारत-चीन सीमा विवाद: चीन जैसे अंतरराष्ट्रीय मामलों पर सवाल, ट्विटर पर नहीं पूछे जाते: रविशंकर प्रसाद- आज की बड़ी ख़बरें

रविशंकर प्रसाद

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

चीन की कथित आक्रामकता पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'चुप्पी' पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सवालों का केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने जवाब दिया है.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, रविशंकर प्रसाद ने कहा, ''राहुल गांधी को ये बात समझनी चाहिए कि चीन जैसे अंतरराष्ट्रीय मामलों पर सवाल, ट्विटर पर नहीं पूछे जाने चाहिए. ये वहीं हैं जिन्होंने बालाकोट हवाई हमले और साल 2016 में उरी हमले के सबूत माँगे थे.''

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार सुबह एक ट्वीट करके लद्धाख में चीन की आक्रामकता और उस पर प्रधानमंत्री मोदी की 'चुप्पी' पर सवाल उठाए थे.

राहुल गांधी के सवाल पर लद्दाख से बीजेपी सांसद जामयांग सेरिंग नामग्याल ने भी तीखा जवाब देते हुए उन्हें कांग्रेस शासनकाल में हुए 1962 के युद्ध की याद दिलाई है 'जब चीन ने पूर्वी लद्दाख में अक्साई चीन का एक बड़ा हिस्सा भारत से छीन लिया था.'

तेल की आग में दो की मौत

आग की लपटें

असम के तिनसुकिया ज़िले में ऑयल इंडिया लिमिटेड के एक तेल कुएं में मंगलवार को लगी भयानक आग पर क़ाबू पाने के दौरान दो फ़ायरफ़ाइटर्स की मौत हो गई है.

गोवाहाटी स्थित बीबीसी सहयोगी दिलीप कुमार शर्मा के मुताबिक़, ऑयल इंडिया के ये दोनों फ़ायरफ़ाइटर्स तेल के कुएं में लगी आग को नियंत्रित करने में जुटे बचाव दल के साथ काम कर रहे थे. लेकिन बाद में दोनों लापता हो गए थे.

बुधवार सुबह दोनों फ़ायरफ़ाइटर्स का शव तेल के कुएं के पास मौजूद एक तालाब से बरामद किया गया.

मृतकों की पहचान दुर्लभ गोगोई (35) और तिखेस्वर गोंहाई (55) के रूप में की गई है.

ऑयल इंडिया लिमिटेड के प्रवक्ता त्रिदीप हज़ारिका ने अपने दोनों कर्मी की मौत की पुष्टि करते हुए बीबीसी से कहा, "स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ़ की मदद से आज सुबह हमारे दोनों फ़ायरफ़ाइटर्स का शव तेल के कुएं के पास मौजूद एक तालाब से बरामद किया गया."

ऑयल इंडिया लिमिटेड के प्रवक्ता के अनुसार, गैस लीक को रोकने में 30 दिन से ज़्यादा समय भी लग सकता है.

पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़े

पेट्रोल

इमेज स्रोत, Getty Images

भारत में लगातार चौथे दिन पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़े हैं.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, तेल कंपनियों ने बुधवार को पेट्रोल की क़ीमत में 40 पैसे प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत में 45 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है.

दिल्ली में पेट्रोल की क़ीमत 73.00 रुपये से बढ़कर 73.40 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

इसी तरह डीज़ल की क़ीमत 71.17 से बढ़कर 71.62 रुपये लीटर हो गई है.

ध्यान देने वाली बात ये है कि पेट्रोल-डीज़ल के दाम पूरे देश में बढ़े हैं और स्थानीय कर तथा वैट की वजह से अलग-अलग राज्यों में इनकी क़ीमतें अलग-अलग होंगी.

इससे पहले, तेल कंपनियों ने 82 दिनों तक क़ीमतों की समीक्षा को स्थगित रखा था.

दिल्ली में फिर सस्ती हुई शराब

शराब के लिए लाइन में लगे लोग (फाइल फोटो)

इमेज स्रोत, Getty Images

दिल्ली में लॉकडाउन के दौरान महंगी हुई शराब बुधवार 10 जून से सस्ती हो गई है.

कुछ दिन पहले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में ये फ़ैसला किया गया था कि 10 जून से दिल्ली में शराब पहले जैसे दाम पर बिकने लगेगी.

दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने मई के पहले हफ्ते में शराब 70 प्रतिशत महंगी कर दी थी.

तब ये देखा गया था कि लॉकडाउन में छूट मिलने पर बड़ी संख्या में लोग शराब ख़रीदने दुकानों के बाहर उमड़ पड़े थे.

तब दिल्ली में कई जगहों पर लंबी-लंबी लाइन देखने को मिली थीं और कई जगहों पर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां चलाना पड़ी थीं.

'लॉकडाउन ने सुस्ती और खीझ का माहौल बना दिया है'

हाई कोर्ट

इमेज स्रोत, Getty Images

बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक शख़्स को ज़मानत देते हुए कहा कि 'कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए लगाये गए लॉकडाउन ने सुस्ती और खीझ का माहौल बनाया है.'

इस शख़्स को कर्फ़्यू के दौरान (8 मई की रात) मुंबई पुलिस ने दक्षिणी मुंबई के मरीन ड्राइव इलाक़े में टहलते हुए गिरफ़्तार किया था.

पुलिस विभाग के अनुसार, करण नायर नाम के इस शख़्स ने यह पूछने पर कि 'वो रात में क्यों घूम रहे हैं?' पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था.

पुलिस का दावा है कि करण के पास चाकू भी था.

लेकिन करण के वकील निरंजन ने अदालत में यह दलील दी कि करण पेशे से एक आर्किटेक्ट हैं, वो निजी कारणों से निराश थे, उनकी मानसिक स्थिति भी फ़िलहाल ठीक नहीं है और उनके हाथ में जो था, वो एक टूल है, जिसे आर्किटेक्ट काम के दौरान इस्तेमाल करते हैं.

बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस शख़्स को ज़मानत देते हुए, अपने आदेश में यह माना कि पुलिस बहुत तनाव में काम कर रही है और उन पर कानून-व्यवस्था बनाये रखने का बहुत दबाव है.

जे. अंबाजगन

इमेज स्रोत, ANI

जे. अंबाजगन: डीएमके विधायक का कोरोना वायरस के कारण निधन

कोरोना वायरस के कारण डीएमके के विधायक जे. अंबाजगन का चेन्नई में निधन हो गया है.

वो 62 वर्ष के थे, और यह एक बुरा इत्तेफ़ाक़ है कि बुधवार को ही उनका जन्मदिन भी था.

जे. अंबाजगन कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए थे और 3 जून को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ़्ट किया गया था.

उनकी मौत पर अस्पताल द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार, "जे अंबाजगन जो कोविड-19 पॉज़िटिव थे, उनकी तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़नी शुरू हुई."

"हालांकि उन्हें पूरा मेडिकल सपोर्ट दिया गया, वो वेंटिलेटर पर भी थे, लेकिन वो उभर नहीं पाये और बुधवार सुबह 8 बजकर 5 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया."

तमिलनाडु की दो अलग-अलग विधानसभा सीटों से जे. अंबाजगन तीन बार विधायक रहे थे.

कोरोना वायरस के बारे में जानकारी
लाइन
हेल्पलाइन
कोरोना वायरस के बारे में जानकारी

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)