बॉयज़ लॉकर रूम: स्नैपचैट में हुई गैंगरेप की बात इंस्टाग्राम के ग्रुप तक कैसे पहुंची?

    • Author, कमलेश
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 4 मिनट

बॉयज़ लॉकर रूम मामले में नई जानकारियां सामने आ रही हैं. दिल्ली पुलिस को जाँच में पता चला है कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई जिस चैट में गैंगरेप की बात थी वो स्नैपचेट का स्क्रीनशॉट था. साथ ही यह चैट एक लड़की के अकाउंट से की गई थी. उनके अनुसार वो लड़की नाबालिग़ है.

पुलिस ने ये जानकारी दी है कि ये चैट #BoisLockerRoom का हिस्सा नहीं थी बल्कि दो लोगों के बीच स्नैपचैट पर हुई बातचीत थी जिसका स्क्रीनशॉट बॉयज़ लॉकर रूम तक पहुंच गया था. इसमें ‘सिद्धार्थ’ नाम के नक़ली प्रोफ़ाइल से गैंगरेप की बात की गई थी.

पुलिस के मुताबिक़, स्नैपचैट पर बात करने वाले दोनों यूज़र नाबालिग़ हैं और उनका बॉयज़ लॉकर रूम से कोई संबंध नहीं है. इस मामले में इस्तेमाल हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पुलिस ने ज़ब्त करके फॉरेंसिक जाँच के लिए भेज दिए हैं.

डीसीपी साइबर सेल अन्येश रॉय ने बताया, “स्नैपचैट पर एक लड़की ने ‘सिद्धार्थ’ नाम से फ़र्ज़ी अकाउंट बनाया था. लड़की गैंगरेप की बातचीत के ज़रिए एक लड़के के व्यवहार और चरित्र का पता लगाना चाहती थी. ये दो लोगों के बीच की बातचीत थी और इस लड़की की मंशा धोखा करना नहीं था इसलिए क़ानून के अनुसार उसके ख़िलाफ़ कोई अपराध भी नहीं बनता है.”

सोशल मीडिया पर कुछ दिनों पहले #BoisLockerRoom और #GirlsLockerRoom हैशटैग ट्रेंड कर रहे थे.

ये दोनों चैट ग्रुप्स हैं जो फ़ोटो शेयरिंग सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर बनाए गए थे. चार और पाँच मई को इनके स्क्रीनशॉट ट्विटर पर ट्रेंड करने लगे.

बॉयज़ लॉकर रूम में नाबालिग़ लड़कियों की तस्वीरों को शेयर करके उन पर अभद्र टिप्पणियां की गई थीं. साथी ही रेप और गैंगरेप करने की बात से जुड़ी चैट के स्क्रीनशॉट भी वायरल हुए थे.

वहीं, गर्ल्स लॉकर रूम में भी लड़कों को लेकर अभद्र टिप्पणियां थीं और कुछ फ़ोटो भी शेयर किए गए थे.

स्नैपचैट पर क्या हुआ था

स्नैपचैट पर लड़की ने ‘सिद्धार्थ’ नाम से फ़ेक प्रोफ़ाइल बनाई. इससे वह एक लड़के से बात किया करती थी. लड़की ने इसी फ़ेक प्रोफ़ाइल से एक लड़की के रेप का प्लान बनाते हुए उस लड़के को मैसेज किया. इसमें ये लड़की अपने ही रेप की बात कर रही थी.

चैट में लिखा था, “हम उसका आसानी से रेप कर सकते हैं… मैं गैंगरेप के लिए कुछ और लोगों को भी बुला सकता हूं.”

इसके जवाब में दूसरे लड़के ने ‘नो’ लिखकर मना कर दिया था और सिद्धार्थ से आगे बात नहीं की थी. ये चैट सिर्फ़ इन दो लोगों के बीच हो रही थी. हालांकि, इसका भी पता लगाया जा रहा है कि आगे बात नहीं हुई या चैट डिलीट कर दी गई थी.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक़ लड़की इसके ज़रिए उस लड़के की प्रतिक्रिया, लड़कियों को लेकर उसके ख़याल और चरित्र के बारे में जानना चाहती थी.

कैसे शेयर हुई चैट

दिल्ली पुलिस ने बताया कि ‘सिद्धार्थ’ के साथ हुई बातचीत को चैट में शामिल लड़के ने स्क्रीन शॉट लेकर अपने दोस्तों को भेजा और ‘सिद्धार्थ’ के इरादों के बारे में बताया.

साथ ही उस लड़की को भी जानकारी दी कि ‘सिद्धार्थ’ नाम का लड़का उसके रेप का प्लान बना रहा है. लेकिन, उस वक़्त किसी को ये पता नहीं था कि ख़ुद ‘सिद्धार्थ’ ही वो लड़की है.

उस स्क्रीनशॉट को लड़के के दोस्तों में से किसी ने थोड़ी देर के लिए इंस्टाग्राम स्टोरी के तौर पर शेयर कर दिया. यहां से स्क्रीनशॉट उनके अन्य दोस्तों और सहपाठियों के बीच शेयर होने लगा.

जब बॉयज़ लॉकर रूम के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर हुए तो इसी बीच ये स्क्रीनशॉट भी शेयर होने लगा. पुलिस के मुताबिक गैंगरेप की बातचीत का स्क्रीनशॉट भी बहुत सनसनीखेज़ होने और अलग-अलग स्टूडेंट्स ग्रुप्स में मौजूद होने के कारण शेयर होने लगा और मिक्स हो गया.

डीसीपी अन्येष रॉय ने बताया कि स्नैपचैट में शामिल दोनों लोग बॉयज़ लॉकर रूम से किसी भी तरह नहीं जुड़े हैं. उनकी बातचीत मार्च अंत में हुई थी तब तक बॉयज़ लॉकर रूम शायद बना भी नहीं था.

24 यूज़र्स की पहचान

वहीं, बॉयज़ लॉकर रूम ग्रुप की बात करें तो इसमें शामिल 24 लोगों की पहचान कर ली गई है. इनसे पूछताछ की जा रही है. बाक़ी लोगों को ढूंढा जा रहा है. बॉयज़ लॉकर रूम के ग्रुप एडमिन को भी गिरफ़्तार किया जा चुका है.

इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईटी एक्ट और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत एक एफ़आईआर दर्ज की है.

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी प्रेस रिलीज़ में बताया गया है कि तीन इंस्टाग्राम खातों के बारे में कुछ जानकारी मिली है. आगे के तकनीकी विवरण इकट्ठा किए जा रहे हैं. जाँच के दौरान ज़ब्त किए गए उपकरणों को फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए भेजा गया है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)