You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना: रैपिड टेस्ट किट पर उठे सवाल, दो दिन के लिए लगी रोक - प्रेस रिव्यू
इंडियन काउंसिल फॉर मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने रैपिड टेस्टिंग किट में खामियों की शिकायत मिलने के बाद राज्यों को दो दिनों के लिए टेस्ट रोकने को कहा है.
द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसी शिकायतें मिली थीं कि टेस्टिंग किट में रिजल्ट सही नहीं आ रहे हैं. शिकायत मिलने पर आईसीएमआर ने कहा कि किट की जांच होगी और उसके बाद ही टेस्ट की अनुमति दी जाएगी.
अख़बार ने आईसीएमआर के प्रवक्ता डॉ. आरआर गंगाखेडकर के हवाले से लिखा कि अगर टेस्ट किट सही नहीं पाई गई तो निर्माता कंपनी से इसे बदलने के लिए कहा जाएगा और नई किट मंगाई जाएगी.
मंगलवार को राजस्थान सरकार ने टेस्ट किट में ख़ामी होनी की शिकायत की थी.
दिल्ली हिंसा: उमर ख़ालिद के ख़िलाफ़ मामला दर्ज
उत्तर पूर्वी दिल्ली में भड़की हिंसा के मामले में जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र नेता उमर ख़ालिद और पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाक़े के एक एक्टिविस्ट दानिश के ख़िलाफ़ गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया है.
अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के छात्र और छात्र राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य मीरान हैदर और जामिया कोऑर्डिनेशन कमिटी की मीडिया कोऑर्डिनेटर सफूरा ज़र्गर के ख़िलाफ़ भी हिंसा की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया था.
मीरान हैदर के वकील ने इस बात की पुष्टि की है कि मीरान पर भी यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है.
सफूरा को पुलिस ने 13 अप्रैल को गिरफ़्तार किया था. मीरान हैदर को दिल्ली पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में गिरफ़्तार किया था.
कोरोना की दस्तक राष्ट्रपति भवन और लोकसभा सचिवालय तक
कोरोना वायरस संक्रमण ने राष्ट्रपति भवन और लोकसभा सचिवालय में भी दस्तक दे दी है.
हिंदुस्तान अखबार में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति भवन में कार्यरत सफ़ाईकर्मी के एक रिश्तेदार के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद परिसर में रहने वाले उनके रिश्तेदार के परिवार ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है. इसके साथ ही लोकसभा सचिवालय में भी एक सफ़ाईकर्मी कोरोना संक्रमण से पॉजिटिव पाया गया है.
अख़बार लिखता है, राष्ट्रपति भवन की ओर से मंगलवा को बताया गया कि एक पॉज़िटिव मरीज़ की 13 अप्रैल को दिल्ली के अस्पताल में मौत हुई थी. जांच में पाया गया कि वह न तो राष्ट्रपति सचिवालय में कार्यरत थी और न ही परिसर में रहती थी. हालांकि उसके संपर्क का पता लगाया गया तो राष्ट्रपति भवन में कार्यरत एक सफ़ाईकर्मी उसका रिश्तेदार निकला.
फ़िलहाल परिवार के सभी सदस्यों को क्वारंटीन कर दिया गया है.
उधर, लोकसभा सचिवालय में एक सफ़ाईकर्मी कोरोना पॉज़िटिव पाया गया है. उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. बताया जा रहा है कि वो कई दिनों से बीमार थे और काम पर नहीं जा रहे थे.
मुंबई: 21 किमी दौड़कर काम पर जाने वाला कंडक्टर
देशभर में लॉकडाउन जारी है और आवाजाही के लिए सार्वजनिक सेवाएं भी बंद हैं. इस वजह से महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम में काम करने वाले देवीदास जयसिंह राठौर को 21 किलोमीटर दौड़कर काम पर पहुंचना पड़ा.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 55 वर्षीय देवीदास बस कंडक्टर हैं. वो पालघर स्थिति अपने घर से सेंट्रल मुंबई के दादर स्टेशन तक रोज़ाना आते-जाते हैं.
कोरोना संक्रमण के वक़्त उनकी ड्यूटी बतौर इंचार्ज लगाई गई है और वो उस बस का संचालन देखते हैं जिसकी ज़िम्मेदारी 25 डॉक्टरों और नर्सों को केईएम अस्पताल लाने की है.
अख़बार ने लिखा, आमतौर पर वो ज़रूरी चीज़ें ले जाने वाले ट्रकों में लिफ्ट लेकर काम पर जाते हैं और वापस घर लौटते हैं. लेकिन रविवार को उन्हें जब ट्रक नहीं दिखे तो दौड़ना शुरू कर दिया.
अख़बार ने राठौर के हवाले से लिखा, ''मैं उन्हें निराश नहीं कर सकता था. डॉक्टर और नर्स कोरोना मरीज़ों का इलाज कर रहे हैं और मेरे रोज़ाना के यात्री हैं. ''
कर्मचारी के कोरोना पॉज़िटिव होने के बाद आज़ादपुर मंडी में दहशत
दिल्ली की आज़ादपुर मंडी के एक कर्मचारी की मंगलवार को कोरोना संक्रमण से मौत के बाद यहां काम करने वाले हज़ारों लोगों को संक्रमण का डर सता रहा है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 57 वर्षीय शख़्स को बीते शुक्रवार बुखार होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रविवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉज़िटिव आई.
अख़बार के मुताबिक, इसके अलावा एक दैनिक कर्मचारी का मृत शरीर मंडी में मिलने से दहशत का माहौल है. हालांकि अब तक उसकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
ज़िला प्रशासन उन लोगों को ट्रेस करने में जुटा है जो 57 वर्षीय कर्मचारी के संपर्क में आए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)