कोरोना वायरस: दिल्ली में जिम, नाइट क्लब बंद, 50 से ज़्यादा की गोलबंदी पर पाबंदी

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को संक्रामक बीमारी एक्ट 1897 के तहत सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक गोलबंदी में 50 से ज़्यादा लोगों के जुटने पर प्रतिबंध लगा दिया है.

हालांकि इससे विवाह समारोह को अलग रखा गया है. अरविंद केजरीवाल ने आग्रह किया है कि हो सके तो लोग विवाह कुछ दिनों के लिए स्थगित कर दें.

यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. इसका असर नागरिकता संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ विरोध-प्रदर्शन भी आएगा. मतलब शाहीन बाग़ में प्रदर्शन नहीं हो पाएगा.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर 50 से ज़्यादा लोग प्रदर्शन स्थल पर होंगे तो उनके ख़िलाफ़ संक्रामक बीमारी एक्ट 1897 के तहत उस इलाक़े के डीएम (उपायुक्त) और एसडीएम कार्रवाई करेंगे.

अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''हमने स्कूल, कॉलेज और स्विमिंग पुल पहले ही बंद कर दिए हैं. आज हमने जिम, नाइट क्लब और स्पा भी बंद करने का आदेश दे दिया है.''

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ''सभी जिम, नाइट क्लब और स्पा सेंटर 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं. सभी ऑटो और टैक्सी को संक्रमण मुक्त बनाने की कोशिश की जाएगी. इसके लिए ज़्यादातर जगहों पर हैंड सेनेटाइजर की व्यवस्था होगी. दिल्ली मेट्रो में कोरोना वायरस की स्क्रीनिंग की व्यवस्था के बारे में विचार किया जा रहा है.''

केजरीवाल ने कहा कि ऐसा संक्रमण फैलने से रोकने के लिए किया गया है. दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमण के अब तक सात मामले सामने आए हैं. इनमें से दो मरीज़ों को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. पिछले हफ़्ते कोरोना से राष्ट्रीय राजधानी में 68 साल की एक महिला की मौत हो गई थी.

अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''अस्पतालों में 500 बेड कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सुरक्षित रखा गया है. मरीज़ों को अलग रखने के लिए दिल्ली के तीन होटल में भी व्यवस्था की गई है. म्यूनिसिपल कमिश्नर और डिस्ट्रिक्ट ऑफिसरों को सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल वॉशबेसिन लगाने को कहा गया है.''

बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)