You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ओडिशा: होली के बाद डूबकर 15 लोगों की मौत
- Author, सुब्रत कुमार पति
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भुवनेश्वर से
- प्रकाशित
ओडिशा में मंगलवार को होली उत्सव के बाद स्नान करने के दौरान अलग-अलग घटनाओं में 15 लोगों के डूब कर मरने की ख़बर है.
कटक में मौजूद राज्य अग्निशमन विभाग में डिप्टी फायर अधिकारी सत्यपीर बेहरा ने अब तक 15 शव बरामद किए जाने की पुष्टि की है.
कटक के नेताजी नगर इलाक़े में रहने वाले सुभम कुमार बेहरा और निशांत पाढ़ी होली खेलने के बाद अपने अन्य दोस्तों के साथ नज़दीक में बहने वाली कुआखाई नदी में में नहाने गए.
दोनों नहाते समय डूब गये. दोनों को नदी से निकाल कर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
वहीं रायगड़ा जिले के गुणुपुर में होली समारोह के बाद केंदुगुड़ा बांध में नहाने के लिए गए तीन लोग पानी में डूब गए.
पीड़ितों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को पदमपुर अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. इनकी पहचान वरुण आचार्य, सुरेश आचार्य और अभिषेक कुमार के रूप में की गई है.
अब तक मिली सूचना के अनुसार भुवनेश्वर स्थित रंग बाजार केनाल में एक, नियाली गांव में एक, परलाखेमुंडी के महेंद्रतनया नदी में एक, रेढ़ाखोल के सुन्धीमुँडा केनाल में एक व्यक्ति की मौत डूबने से हो गई है.
नीलगिरि के सीएडीमल डैम में एक, सालेपुर के चित्रोत्पला नदी में एक और बारीपदा के जम्भीरा डैम में एक व्यक्ति की मौत डूबने से हुई है.
इसके अलावा नबरंगपुर के इन्द्रावती नदी में एक व्यक्ति का शव मिला है जिसकी पहचान नहीं की जा सकी है.
कटक के जिला कलेक्टर भवानी शंकर चयनी ने भी इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है.
उन्होंने कहा, "जिला प्रशासन की तरफ से पूरी कोशिश की जाती है कि होली पर लोगों को नदी के पास जाने से रोकें. अलग-अलग तरीकों से लोगों के लिए चेतावनी भी जारी की जाती है. लेकिन इसके बावजबूद इस तरह की दुखद घटनाएं हो जाती हैं. इस तरह की घटनाएं न हों इसके लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ लोगों को अधिक सचेत होना पड़ेगा."
उन्होंने बताया कि कटक में मारे गए तीन लोगों के परिवारों को 4 लाख की आर्थिक मदद सरकार की तरफ से दी जाएगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)