क्रिकेटः सुनील जोशी के हाथ में अब सेलेक्शन कमेटी की कमान

इमेज स्रोत, GLYN KIRK/AFP via Getty Images
पूर्व स्पिनर सुनील जोशी को नेशनल सेलेक्शन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है. बीसीसीआई की क्रिकेट एडवाइज़री कमेटी ने सुनील जोशी के अलावा पूर्व तेज़ गेंदबाज़ हरविंदर सिंह को पाँच सदस्यों वाली सेलेक्शन कमेटी का मेंबर बनाया है.
इस क्रिकेट एडवाइज़री कमेटी में मदन लाल, आरपी सिंह और सुलक्षणा नाइक शामिल थे.
फ़ैसले के बाद सेलेक्शन कमेटी में सुनील जोशी ने दक्षिण क्षेत्र के एमएसके प्रसाद की जगह ले ली है.
बीसीसीआई के सचिव जय शाह की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है, "क्रिकेट एडवाइज़री कमेटी साल भर बाद नए चयनकर्ताओं के प्रदर्शन की समीक्षा करेगी और उसके अनुसार सिफ़ारिश करेगी."
हरविंदर सिंह को सेंट्रल ज़ोन से चुना गया है और अब वे पैनल में गगन खोडा की जगह लेंगे. जतिन परांजपे, देवांग गांधी और संदीप सिंह पहले से सेलेक्शन कमेटी का हिस्सा हैं. मदन लाल ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''हम ने इस काम के लिए सबसे बेहतरीन लोगों को चुना है.''
क्रिकेट एडवाइज़री कमेटी ने 40 आवेदकों की लिस्ट में से पाँच खिलाड़ियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया था. सुनील जोशी और हरविंदर सिंह के अलावा वेंकटेश प्रसाद, राजेश चौहान और एलएस शिवरामकृष्णन भी सेलेक्शन कमेटी के लिए रेस में थे.

इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images
राहुल गांधी का दौरा
राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली के हिंसा पीड़ित इलाकों का दौरा किया.
इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "ये दुख का समय है. यहां मैं इसलिए आया हूं कि सबको मिलकर प्यार से यहां काम करना पड़ेगा. हिंदुस्तान को जोड़कर ही आगे ले जाया जा सकता है. जब हिंदुस्तान में हिंसा होती है, जब देश की राजधानी में हिंसा होती है, तो जो दुनिया में भारत का जो सम्मान है, उस पर चोट पहुंचती है."
राहुल गांधी इस सिलसिले में एक ऐसे स्कूल भी गए जिसे हिंसा के दौरान जला दिया गया था.
उन्होंने कहा, "ये एक स्कूल है. ये हिंदुस्तान का भविष्य है. यहां पर नफरत और हिंसा ने इसे ख़त्म कर दिया है. इससे किसी का फायदा नहीं हुआ है. हिंसा और नफरत तरक्की के दुश्मन हैं. और ये जो हो रहा है. हिंदुस्तान को जो बांटा जा रहा है, जलाया जा रहा है, इससे हिंदुस्तान का, भारत माता को कोई फ़ायदा नहीं है."
राहुल गांधी ने आगे कहा, "जो हिंदुस्तान की ताक़त थी, भाईचारा, एकता, प्यार, उसे यहां जलाया गया है. और इस प्रकार की राजनीति से सिर्फ़ एक स्कूल का नुक़सान नहीं होता है, हिंदुस्तान और भारत माता को नुक़सान होता है. दुनिया में हमारा जो सम्मान है और जो हमारे भविष्य के लिए ज़रूरी है, उसको यहां जलाया गया है."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1

इमेज स्रोत, STRDEL/AFP via Getty Images
पवन गुप्ता की दया याचिका खारिज
निर्भया केस के अपराधी पवन गुप्ता की दया याचिका राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने खारिज कर दी है.
इससे पहले दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को निर्भया केस में चारों दोषियों को दी जाने वाली फांसी पर अगले आदेश तक के लिए रोक दी थी.
सोमवार को पवन गुप्ता के वकील ने कोर्ट ने कोर्ट को बताया था कि उनकी दया याचिका राष्ट्रपति के पास लंबित है.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये फांसी मंगलवार को सुबह छह बजे होने वाली थी.
सोमवार को ही पवन गुप्ता की ओर से दायर की गई क्यूरेटिव याचिका को भी सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया था.

इमेज स्रोत, Getty Images
कुलदीप सिंह सेंगर केस
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और उनके भाई अतुल सिंह सेंगर को उन्नाव रेप पीड़िता के पिता की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया है.
दिल्ली की एक अदालत ने कुलदीप सेंगर को ग़ैर इरादतन हत्या का दोषी पाया.
कुलदीप सेंगर को उन्नाव की एक लड़की के साथ बलात्कार के मामले में पहले ही दोषी ठहराया जा चुका है. रेप पीड़िता उस समय 15 साल की थी.
रेप पीड़िता के पिता की मौत 2018 में उन्नाव के एक अस्पताल में हो गई थी. उस समय वे आर्म्स एक्ट के एक मामले में पुलिस हिरासत में थे.
पेट दर्द की शिकायत के बाद रेप पीड़िता के 55 वर्षीय पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि रेप पीड़िता के पिता को गंभीर चोटें आई थी.

इमेज स्रोत, Getty Images
कोरोना पर बोले मोदी- 'होली मिलन में नहीं जाऊंगा'
नोएडा के डीएम जीबी नागर ने कहा है कि कोरोना वायरस छह मामलों की जांच के सभी मामले निगेटिव आए हैं.
हालांकि उन्होंने कहा कि सभी छह लोगों को 14 दिनों की निगरानी में रखा गया है. जीबी नागर ने कहा कि सराकर और प्रशासन कोरोना वायरस को लेकर सतर्क है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
उन्होंने कहा, ''किसी को घबराने की ज़रूरत नहीं है. सरकार ने किसी भी स्कूल को बंद करने का आदेश नहीं दिया है.'' भारत में अब तक कोरोना के छह मामलों की पुष्टि हुई. दुनिया भर में अब तक कोरोना वायरस से 3000 मौत हो चुकी है. इनमें से सबसे ज़्यादा मौत चीन में हुई है.
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मंगलवार को कहा था कि सरकार कोरोना वायरस को देखते हुए हर क़दम उठाने को तैयार है. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी कहा, ''25 अस्पतालों में आइसोलेशन वॉर्ड तैयार हैं. इनमें से 19 सरकारी अस्पताल हैं और छह प्राइवेट स्कूल है.''
दूसरी तरफ़ ये भी ख़बर है कि इटली के 21 पर्यटकों में से 15 को कोरोना वायरस के संदेह में दिल्ली में निगरानी में रखा गया है. ये सभी 23 पर्यटकों के एक समूह के हिस्सा थे. सभी राजस्थान पिछले महीने आए थे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 3
इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा है, ''कोरोनावायरस के संक्रमण से बचने के लिए दुनिया भर के विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि एक साथ भीड़ में जमा होने से बचें. इसी को देखते हुए मैंने फ़ैसला किया है कि किसी भी होली मिलन प्रोग्राम में शरीक नहीं होऊंगा.''
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि 21 में से 15 इतालवी पर्यटकों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना तेज़ी से एक-दूसरे में फैलता है.

इमेज स्रोत, Getty Images
क्रिप्टोकरेंसी से आरबीआई की पाबंदी सुप्रीम कोर्ट ने हटाई
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दिए अहम फ़ैसले में क्रिप्टोकरेंसी पर आरबीआई की रोक हटा दी है. आरबीआई ने क्रिप्टोकरेंसी के इस्तेमाल पर पाबंदी लगा रखी थी. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह पाबंदी उचित नहीं है.
सुप्रीम कोर्ट में यह मामला इंटरनेट एंड मोबाइल असोसिएशन ऑफ इंडिया बनाम आरबीआई था. इस मामले की सुनवाई जस्टिस आरएफ़ नरीमन, अनिरुद्ध बोस और वी रामसुब्रमण्यम की बेंच ने की.
आरबीआई ने पिछले साल अप्रैल में एक सर्कुलर जारी कर क्रिप्टोकरेंसी की लेन-देन पर पाबंदी लगा दी थी. आरबीआई के इस फ़ैसले को इंटरनेट एंड मोबाइल असोसिएशन ऑफ इंडिया के अलावा कई लोगों ने चुनौती दी थी. आईएएमआई की तरफ़ से सुप्रीम कोर्ट में वकील असीम सूद ने दलील दी.
बिटक्वाइन दुनिया भर में सबसे क़ीमती क्रिप्टोकरेंसी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















