You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सुप्रीम कोर्ट करेगी निर्भया मामले में बड़ी सुनवाई: पाँच बड़ी ख़बरें
सुप्रीम कोर्ट में तीन जजों की बेंच मंगलवार को दोपहर साढ़े बारह बजे निर्भया गैंगरेप केस मामले के दोषी मुकेश कुमार की दया याचिका पर सुनवाई करेगी.
इस मामले में दोषी ठहराए गए मुकेश कुमार ने अपनी फांसी की सज़ा को टलवाने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के समक्ष दया याचिका भेजी थी जिसे राष्ट्रपति ने ख़ारिज कर दिया है.
मुकेश कुमार ने अपनी दया याचिका पर राष्ट्रपति के फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
इस मामले में दोषियों मुकेश कुमार, अक्षय, विनय और पवन को 1 फ़रवरी की सुबह फांसी दिए जाने का समय तय किया गया है.
भारत लाए जाएंगे चीन में फंसे भारतीय
चीन में बीते कुछ दिनों में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 80 हो चुकी है.
फ्रांस और जापान समेत कई देश वायरस के केंद्र माने जा रहे वुहान में फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने की कोशिश में लगे हुए हैं.
भारत सरकार ने भी वुहान में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं.
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़, विदेश मंत्रालय इस मसले पर चीनी अधिकारियों से बात करके ज़रूरी क़दम उठाएगा.
चीनी अधिकारियों से सहमति बन जाने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय भारतीय नागरिकों को वापस लाकर उन्हें भारत में ठीक ढंग से रखने के लिए ज़रूरी प्रबंध करेगा.
जयपुर में राहुल गांधी की रैली
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल में युवाओं को ध्यान में रखते हुए एक रैली को संबोधित करेंगे.
कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी की इस रैली का नाम युवा आक्रोश रखा गया है.
इस रैली के माध्यम से राहुल गांधी युवाओं की समस्याओं पर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे.
मलेशिया ने चीनी पर्यटकों पर बैन लगाया
मलेशिया ने कोरोना वायरस के चलते चीन के वुहान शहर से आने वाले चीनी पर्यटकों पर अल्पकालिक बैन लगा दिया है.
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वुहान से आने वाले पर्यटकों को वीज़ा दिए जाने की प्रक्रिया तत्काल रूप से रोकी जा रही है.
चीन में कंपनियों ने कर्मचारियों की छुट्टियां बढ़ाईं
चीन में कोरोना वायरस के चलते कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को घर पर रहने की सलाह दी है.
इसके साथ ही कोरोना वायरस से प्रभावित क्षेत्रों से लौट रहे लोगों को दफ़्तर न आने की सलाह दी जा रही है.
चीन में कम से कम 80 लोगों की मौत के साथ दुनिया भर में कोरोना वायरस के तीन हज़ार से ज़्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)