महाराष्ट्र कैबिनेट: अजित पवार को वित्त, आदित्य ठाकरे को पर्यावरण मंत्रालय

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट

महाराष्ट्र सरकार में विभागों के आवंटन का ऐलान रविवार सुबह हो गया.

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और एनसीपी के नेता अजित पवार को वित्त मंत्रालय और प्लानिंग मंत्रायल का कार्यभार सौंपा गया है.

वहीं एनसीपी के ही अनिल वसंतराव देशमुख को गृहमंत्री बनाा गया है, जबकि उद्धव ठाकरे के बेटे शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे पर्यटन और पर्यावरण का कार्यभार संभालेंगे.

शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे ने मुंबई में आरे कॉलोनी के पेड़ों को काटे जाने का मुखर विरोध किया था.

एनसीपी के ही छगन भुजबल को उपभोक्ता मामलों का मंत्रालय सौंपा गया है. धनंजय मुंडे को सामाजिक न्याय मंत्रालय का कर्यभार दिया गया है. नवाब मलिक को अल्पसंख्यक विकास मंत्रालय सौंपा गया है.

वहीं शिवसेना के एकनाथ शिंदे को शहरी विकास मंत्रालय दिया गया है, जबकि सुभाष देसाई को उद्योग और खनन के साथ-साथ मराठी भाषा का मंत्रालय दिया गया है.

कृषि मंत्रालय का काम देखने का ज़िम्मा दादाजी दगडू भुसे को और जल विभाग गुलाबराव पाटिल को मिला है.

कांग्रेस नेता बालासाबेह थोराट को राजस्व विभाग और अशोक चव्हाण को पीडब्ल्यूडी विभाग का कार्यभार मिला है.

योशमति ठाकुर महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाई गई हैं.

इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कैबिनेट मंत्रियों और उनके प्रस्तावित पोर्टफ़ोलियो की लिस्ट सौंपी थी जिन पर उन्होंने रविवार को मुहर लगाई थी.

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने 28 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 30 दिसंबर को कैबिनेट का विस्तार हुआ था.

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भी महाराष्ट्र में सरकार बनने में काफ़ी देर हुई थी और कई नाटकीय घटनाक्रम के बाद आख़िरकार उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने थे.

हालांकि सरकार बनने के बाद भी कैबिनेट विस्तार में बहुत देरी हुई थी क्योंकि विभागों के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पा रही थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)