You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मुस्लिम दंपती के राम-राम ना कहने पर पति को पीटा, पत्नी से बदतमीज़ीः प्रेस रिव्यू
राजस्थान के अलवर में एक मुस्लिम दंपती से जबरदस्ती जय श्रीराम बोलवाने के आरोप में रविवार को दो लोगों को पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.
हिन्दुस्तान टाइम्स अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस का कहना है कि इन दोनों पर महिला के साथ बदतमीजी का भी मामला है. पुलिस का कहना है कि दोनों को 18 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस का कहना है कि यह दंपती हरियाणा का है. दंपती शनिवार दिन में 11 बजे अलवर बस स्टॉप पर बस के इंतजार में खड़ा था. दो लोग मोटरसाइकिल से आए और इनके साथ बदतमीजी करने लगे. एफ़आईआर के अनुसार इन्होंने इस कपल पर जय श्रीराम बोलने के लिए दबाव बनाया.
अलवर महिला थाना की थाना प्रभारी ने हिन्दुस्तान टाइम्स से कहा है कि एफ़आईआर कोतवाली थाना में दर्ज में किया गया और जांच के लिए अलवर महिला थाना भेजा गया है. दोनों की पहचान पुलिस ने कर ली है. एक का नाम वंश भारद्वाज (23) और दूसरा व्यक्ति सुरेंद्र मोहन भाटिया (32) है.
नज़रबंद फ़ारुख़ अब्दुल्ला आए नज़र
नवभारत टाइम्स की ख़बर के अनुसार, फ़ारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला से उनकी पार्टी नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं ने मुलाक़ात की.
नेशनल कांफ्रेंस के 15 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को श्रीनगर में अपने दो प्रमुख नेताओं फ़ारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला से मिला.
मुलाक़ात के बाद नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं ने फ़ारूक और उमर को चुनावों से पहले रिहा करने की मांग की है. आज पीडीपी की नेता महबूबा मुफ़्ती से उनकी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मिलने जाएगा.
दोनों पार्टियों ने सुप्रीम कोर्ट में उनसे मिलने की अर्जी थी. बीते पांच अगस्त से जबसे जम्मू कश्मीर का विशेष दर्ज़ा ख़त्म हुआ है, प्रमुख नेताओं को नज़रबंद रखा गया है.
जिनपिंग का भारत दौरा
इंडियन एक्सप्रेस की एक ख़बर के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे को महज पांच दिन बचे हैं लेकिन चीन की ओर से उनकी यात्रा के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
शी जिनपिंग को 11-12 अक्तूबर को आना है. भारत ने उनके दौरे की सारी तैयारियां कर ली हैं.
चेन्नई के पास मामलापुरम में दोनों नेताओं की मुलाक़ात होगी जहां आस पास के मंदिरों को सजाया संवारा जा रहा है.
शनिवार को भारत ने पाकिस्तान में चीन के राजदूत की ओर से कश्मीर पर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.
द हिंदू की एक ख़बर के अनुसार, आसमान छूते प्याज़ के दामों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने उपाय शुरू कर दिए हैं.
इसी के तहत प्याज के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और आयात की अनुमति दी गई है. इस बीच किसान संगठनों ने प्रतिबंध न हटाने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है.
इस समय राजधानी दिल्ली में खुदरा बाज़ार में प्याज़ के दाम 60 रुपये प्रति किलो हो गए हैं.
राहुल गए विदेश
जनसत्ता की एक ख़बर के अनुसार, हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव क़रीब आते ही राहुल गांधी विदेश चले गए हैं. भाजपा ने राहुल के कथित तौर पर बैंकॉक जाने पर तंज कसा है.
इस बीच कांग्रेस नेता और पंजाब सरकार में मंत्री रहे नवजोत सिंह सिद्धू ने भी चुनाव प्रचार से किनारा कर लिया है. कांग्रेस की ओर से जारी प्रचारकों की लिस्ट से सिद्धू का नाम ग़ायब है.
हिंदुस्तान टाइम्स की एक ख़बर के अनुसार, भारत दौरे पर आईं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात कर उन्हें बांग्लादेश आने का न्योता दिया.
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी वाड्रा और आनंद शर्मा से भी मुलाक़ात की.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)