पूर्व बीजेपी विधायक कहां थे, बताएगा उनका आईफ़ोन: प्रेस रिव्यू

प्रकाशित

दिल्ली की एक अदालत ने अमरीकी मल्टीनेशनल कंपनी ऐपल को इस साल 9 अक्टूबर तक बीजेपी के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की लोकेशन के बारे में जानकारी देने के लिए कहा है.

इस ख़बर को द हिंदू अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.

अख़बार के अनुसार, अदालत ने कंपनी से कहा है कि कथित तौर पर हुए बलात्कार के दिन कुलदीप सेंगर कहां थे, इस बात की जानकारी मुहैया कराए. सेंगर पर उन्नाव की 17 वर्षीय लड़की का बलात्कार करने का आरोप है.

आईफ़ोन ने ये सभी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए दो सप्ताह का वक़्त मांगा था. भारत में कंपनी के वकील ने अदालत को बताया कि उन्हें डेटा की उपलब्धता के संबंध में निर्देश लेने की आवश्यकता है क्योंकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं है कि ये डेटा रखा गया है या नहीं.

यूपी सीएम की कश्मीरी छात्रों से मुलाक़ात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के विभिन्न संस्थानों में पढ़ने वाले जम्मू-कश्मीर के छात्रों की सुरक्षा का आश्वासन दिया है.

इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक ख़बर के अनुसार लखनऊ में अपने आवास पर कश्मीरी छात्रों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कश्मीर में लगी पाबंदियों को लेकर वो आला अधिकारियों से बातचीत करेंगे. उन्होंने कहा कि छात्र जिस मक़सद से आए हैं वो उसे पूरा करें, राज्य सरकार उनकी सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखेगी.

मंत्रियों के घर में भी घुसा बाढ़ का पानी

बिहार में गुरुवार से लगातार हो रही बारिश है जिसकी वजह से कई इलाक़े पानी में डूब गए हैं. गंगा और उसकी सहायक नदियां उफ़ान पर हैं जिसके चलते यातायात पर भी बुरा असर पड़ रहा है.

कई इलाक़ों में बाढ़ के पानी के कारण सड़कें डूब गई हैं. कुछ जगहों पर अस्पतालों के भीतर तक पानी पहुंच गया है.

नवभारत टाइम्स में छपी एक ख़बर के अनुसार उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के पटना स्थित आवास में भी बाढ़ का पानी घुस चुका है.

वहीं विपक्ष बाढ़ के दौरान इंतज़ामों की कमी को लेकर सत्ता पक्ष पर निशाना साध रहा है.

बीजेपी सांसद गौतम गंभीर पर धोखाधड़ी का आरोप

पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर समेत कुछ लोगों के ख़िलाफ फ़्लैट ख़रीदारों के साथ धोखाधड़ी और भरोसा तोड़ने के मामले में पूरक आरोप पत्र दायर किया गया है.

इस मामले में पचास से अधिक घर ख़रीदारों ने शिकायत दर्ज कराई थी. उनका कहना है कि उन्होंने 2011 में गाज़ियाबाद में एक फ़्लैट स्कीम में घर बुक कराया था लेकिन परियोजना पूरी नहीं हो सकी.

इस ख़बर को दैनिक हिंदुस्तान ने छापा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)