You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
इस हफ़्ते चार दिन बंद रहेंगे बैंक, जल्दी निटपाएं काम- प्रेस रिव्यू
भारत में 26 सितंबर से 29 सितंबर तक बैंक बंद रहने वाले हैं. दो दिन हड़ताल के कारण बैंक बंद रहेंगे और फिर दो दिन छुट्टी रहेगी.
अमर उजाला की ख़बर के अनुसार बैंककर्मियों के संगठन ऑल इंडिया बैंक ऑफ़िसर्स कॉन्फ़ेडरेशन ने 26 और 27 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल बुलाई है. इस दौरान सभी ग्राहक सेवाएं बंद रहेंगी.
इसके बाद 28 सितंबर को महीने का आख़िरी शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे और अगले दिन रविवार है. इस तरह से चार दिनों तक ग्राहक बैंक से जुड़े कामकाज नहीं कर पाएंगे.
बैंक कर्मचारियों के संगठन सरकारी बैंकों के विलय का विरोध कर रहे हैं.
इसरो चीफ़ के दावे पर वैज्ञानिकों ने उठाए सवाल
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के प्रमुख के. सिवन के उस दावे पर सवाल उठ रहे हैं जिसमें उन्होंने चंद्रयान 2 अभियान को 98 प्रतिशत सफल बताया था.
शनिवार को सिवन ने ऑरबिटर को जांच की कक्षा में सही ढंग से स्थापित कर दिए जाने का हवाला देते हुए इस अभियान को बहुद हद तक क़ामयाब बताया था.
मगर "द टाइम्स ऑफ़ इंडिया" की ख़बर कहती है कि कुछ वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने इस दावे को चुनौती दी है. इनमें से एक ने "नेतृत्व और रॉकेट विज्ञान" को लेकर अपने विचार सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दिए.
अख़बार के अनुसार, एक वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि "बिना आत्मनिरीक्षण के इस तरह की टिप्पणियां कर देने से हमारा दुनिया के सामने मज़ाक बनता है."
इसरो चेयरमैन के सलाहकार तपन मिश्रा ने सोशल मीडिया पर सिवन के नेतृत्व पर चुटकी लेते हुए लिखा है, "नेता प्रेरणा देते हैं, वे प्रबंधन नहीं करते." सिवन के इसरो चेयरमैन बनने के बाद मिश्रा को अहमदाबाद के स्पेस एप्लिकेशन सेंटर के निदेशक के पद से हटा दिया गया था.
जजों मे ईमानदारी होनी चाहिए: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जजों में ईमानदारी का उत्कृष्ट गुण होना चाहिए ताकि वे जनता की सेवा कर सकें.
नवभारत टाइम्स की ख़बर के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र के एक न्यायिक अधिकारी के प्रति नरमी बरतने से इनकार करते हुए यह टिप्पणी की.
अधिकारी ने 2004 में सेवा से बर्ख़ास्त किए जाने को चुनौती दी थी. उनपर उस महिला वकील के मुवक्किलों के पक्ष में आदेश देने का आरोप था जिनके उनसे क़रीबी रिश्ते थे.
न्यायमूर्ति दीपक गुप्ता और अनिरुद्ध बोस की बेंच ने कहा कि न्यायपालिका ईमानदारी की नींव पर बनी संस्था है और ज़रूरी है कि जनता की सेवा करने के लिए जजों में "ईमानदारी का उत्कृष्ट" गुण हो.
प्रोटोकॉल तोड़ मोदी ने उठाया फूल
हिंदुस्तान की ख़बर के अनुसार जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'हाउडी मोदी' कार्यक्रम के लिए ह्यूस्टन पहुंचे तो उन्होंने लोगों को चौंका दिया.
अख़बार कहता है कि स्वागत के दौरान जब उन्हें एक गुलदस्ता दिया गया तो उसमें से एक फूल नीचे गिर गया. मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए ख़ुद फूल को उठाया और अपने एक सहयोगी को दे दिया.
ख़बर में लिखा गया है कि इससे पहले मोदी तीन बार प्रोटोकॉल तोड़ चुके हैं. 25 जनवरी 2015 को वह गणतंत्र दिवस के मेहमान अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे थे.
फिर 14 जनवरी, 2018 को उन्हें इसी तरह नेतन्याहू का स्वागत किया था और फिर 26 जनवरी, 2019 को भाषण के बाद सुरक्षा घेरा तोड़कर लोगों का अभिवादन करते हुए दूर तक चलते रहे थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)