उन्नाव पीड़िता ने कहा, 'कार हादसे के पीछे सेंगर का हाथ': प्रेस रिव्यू

कुलदीप सेंगर

इमेज स्रोत, FACEBOOK/KULDEEP SENGAR

इमेज कैप्शन, कुलदीप सेंगर
प्रकाशित

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में रेप पीड़िता युवती की गाड़ी की ट्रक से हुई टक्कर के बाद अब पीड़िता का बयान सामने आया है.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने अपनी ख़ास रिपोर्ट में लिखा है कि उन्नाव पीड़िता ने इस हादसे के पीछे कुलदीप सेंगर का हाथ बताया है.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया का कहना है कि उन्होंने एम्स अस्पताल में भर्ती पीड़िता से फ़ोन पर बात की है, जिसमें उन्होंने यह बयान दिया है.

उनकी गाड़ी और ट्रक की टक्कर 28 जुलाई को हुई थी जिसमें पीड़िता के दो परिजन मारे गए थे. वहीं पीड़िता और उनके वकील गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

पीड़िता ने कहा है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं.

कन्हैया कुमार पर देशद्रोह का मामला नहींः दिल्ली सरकार

दिल्ली सरकार ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर देशद्रोह का मामला चलाने से इनकार किया है.

इंडियन एक्सप्रेस लिखता है कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली पुलिस की वह अपील नामंजूर कर दी जिसमें उन्होंने कन्हैया कुमार पर मुक़दमा करने की बात रखी थी.

अखबार लिखता है कि दिल्ली सरकार के गृह मंत्रालय ने अपनी बात रखते हुए कहा कि जो सबूत पुलिस ने रखे हैं उससे कन्हैया कुमार व अन्य लोगों पर देशद्रोह का मामला नहीं बनता है.

अब दिल्ली सरकार के निर्णय को अदालत में रखा जाएगा, जहां मामले की सुनवाई चल रही है.

9 फरवरी 2016 को जेएनयू कैम्पस में देश विरोधी नारे लगाने की बात सामने आई थी. जिसके बाद कन्हैयार कुमार समेत अन्य छात्रों को गिरफ़्तार भी किया गया था.

कन्हैया कुमार

इमेज स्रोत, EPA

इमेज कैप्शन, कन्हैया कुमार

महबूबा मुफ़्ती की बेटी को मिलने की इजाज़त

सुप्रीम कोर्ट ने महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा को श्रीनगर जाने और मां से मिलने की इजाजत दे दी है. बीते एक महीने से महबूबा मुफ़्ती घर में नजरबंद है.

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती की बेटी ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि वह अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को खत्म किए जाने के बाद से हिरासत में बंद अपनी मां से मिलना चाहती हैं और अधिकारियों को इसकी अनुमति देने का निर्देश दिया जाए.

इल्तिजा ने कहा कि वह अपनी मां के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं क्योंकि उनकी उनसे एक महीने से मुलाकात नहीं हुई है.

इसके साथ ही चीफ़ जस्टिस रंजन गोगोई और अब्दुल नज़ीर ने पूर्व विधायक युसुफ तारिगामी को इलाज के लिए श्रीनगर से दिल्ली स्थानांतरित करने का फ़ैसला भी सुनाया.

महबूबा मुफ्ती

इमेज स्रोत, EPA

इमेज कैप्शन, महबूबा मुफ्ती

11 हज़ार का चालान कटा, बाइक जला दी

ट्रैफिक नियमों में सख्ती के चलते राजधानी दिल्ली में एक शख़्स ने चालान काटे जाने पर अपनी बाइक में ही आग लगा दी.

नवभारत टाइम्स में प्रकाशित इस समाचार में बताया गया है कि शेख सराय इलाके में दोपहर को ट्रैफिक पुलिस ने नशे में बाइक चलाने के संदेह में एक व्यक्ति को रोका.

पुलिस का शक़ सही था उस व्यक्ति ने तय सीमा से ज़्यादा शराब पी रखी थी जिसके बाद उसका चालान किया गया. नए नियम के तहत शराब पीकर वाहन चलाता पाए जाने पर 10 हज़ार रुपये का जुर्माने का प्रावधान है.

बाइक सवार के पास जरूरी दस्तावेज़ भी नहीं थे जिसके बाद बाइक जब्त कर ली गई. इसके बाद पुलिस ने उस व्यक्ति पर 11 हज़ार का चालान बनाया जिससे नाराज़ व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों के सामने ही अपनी बाइक में आग लगा दी.

वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाना शुरू कर दिया और आरोपी युवक को पीसीआर के हवाले कर दिया.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)