You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पाकिस्तानी रेल मंत्री शेख़ रशीद पर लंदन में बरसे अंडे : प्रेस रिव्यू
दिल्ली से छपे अख़बारों में शुक्रवार को पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख़ रशीद के बारे में एक ख़बर छपी है जिसमें बताया गया है कि पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद पर लंदन में अंडे फेंके गए.
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार शेख रशीद पर उस समय हमला हुआ जब वो लंदन के एक होटल में एक पुरस्कार समारोह में थे.
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी से जुड़े पीपुल्स यूथ ऑर्गनाइजेशन यूरोप के अध्यक्ष आसिफ़ अली ख़ान और पार्टी की ग्रेटर लंदन महिला शाखा की अध्यक्ष समा नाज़ बयान जारी कर हमले की ज़िम्मेदारी ली.
बयान में कहा गया है कि रशीद ने पीपीपी प्रमुख बिलावल भुट्टो जरदारी के ख़िलाफ़ अपशब्द इस्तेमाल किए थे जिसके विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया.
सीवर में उतरे पांच मज़दूरों की मौत
गाज़ियाबाद के कृष्णाकुंज में सीवर लाइन में उतरे पांच मज़दूरों की ज़हरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई. ये पांचों मज़दूर बिहार राज्य के समस्तीपुर के रहने वाले थे.
दैनिक हिंदुस्तान की ख़बर के मुताबिक नंदग्राम में सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है. आएमएस इन्फ्राकॉन प्रा. लिमिटेड कंपनी को इसकी ज़िम्मेदारी दी गई है. दोपहर क़रीब डेढ़ बजे सीवर लाइन में कनेक्शन के लिए ठेकेदार समंत पांच मज़दूर मैनहोल में उतरे.
इसी दौरान पांचों मज़दूर ज़हरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए. इसके बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने मज़दूरों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
राजीव गांधी ने कभी भय का माहौल नहीं बनाया : सोनिया गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि राजीव गांधी भी बड़े बहुमत से चुनकर आए थे लेकिन उन्होंने कभी भी देश में भय का माहौल नहीं बनाया.
सोनिया ने कहा कि उन्होंने कभी भी देश की संस्थाओं की स्वायत्तता और लोकतांत्रिक परंपराओं को कुचलने के लिए सत्ता की ताक़त का इस्तेमाल नहीं किया. इस ख़बर को अमर उजाला अख़बार ने प्रकाशित किया है.
एयर इंडिया के विमानों को ईंधन की सप्लाई रुकी
ओएमसी ने बकाये का भुगतान न करने की वजह से छह हवाईअड्डों पर एयर इंडिया को ईंधन की आपूर्ति रोक दी है. हालांकि एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन्स के विमानों का संचालन सामान्य है.
राष्ट्रीय विमानन कंपनी के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि ओएमसी ने गुरुवार दोपहर करीब चार बजे कोचीन, विशाखापत्तनम, मोहाली, रांची, पुणे और पटना हवाईअड्डों पर ईंधन आपूर्ति रोक दी.
इस ख़बर को इंडियन एक्सप्रेस ने प्रकाशित किया है.
अजय कुमार भल्ला बने नए गृह सचिव
ऊर्जा सचिव रहे अजय भल्ला 31 अगस्त को पद से रिटायर हो रहे राजीव गौबा की जगह केन्द्रीय गृह सचिव की कमान संभालेंगे. भल्ला असम-मेघालय कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं.
वह तत्काल प्रभाव से गृह मंत्रालय में पदभार संभालेंगे और गौबा के सेवानिवृत्त होने तक इस मंत्रालय में ओएसडी के रूप में काम करेंगे. इस ख़बर को जनसत्ता ने प्रकाशित करेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)