लखनऊ में भिखारी करेंगे काम, मिलेगा वेतन: प्रेस रिव्यू

भिखारी

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

जनसत्ता के मुताबिक लखनऊ नगर निगम शहर के भिखारियों को रोज़गार देने की योजना बना रहा है.

नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक़ शहर में कुल 543 भिखारी हैं, हालांकि ग़ैर-सरकारी आंकड़ों के अनुसार ये संख्या क़रीब पाँच हज़ार है. निगम शहर में भीख मांगने वाले इन्हीं लोगों को रोज़गार देने की योजना बना रहा है, इसके लिए निगम सभी वॉर्डों में सर्वे करा रहा है.

नगर निगम के आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि यह योजना भीख मांगने वालों को मुख्यधारा से जोड़ने के मक़सद से चलाई जा रही है. इन लोगों से नगर निगम के कुछ काम करवाने की योजना है, जिनमें घर-घर जाकर कचरा जमा करना, सफ़ाई का काम, सड़कों पर बिजली की व्यवस्था का काम, सीवर नाले की सफ़ाई शामिल हैं.

घर ख़रीदारों के लिए नीति बने

टाइम्स ऑफ़ इंडिया के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने घर ख़रीदारों की दिक्क़तें दूर करने के लिए यूनिफॉर्म नीति बनाने को कहा है.

कोर्ट ने कहा कि ये मामला लाखों घर ख़रीदारों से संबंधित है और केंद्र सरकार को सबके लिए एक प्रस्ताव लेकर आना चाहिए ताकि इस परेशानी से उन्हें निजात मिल सके. सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिए केंद्र सरकार को दो दिनों का वक़्त दिया है.

वीडियो कैप्शन, धंधा पानी
फ़ाइल फोटो

देशभर में सीबीआई छापे

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को 19 राज्यों में 100 जगहों पर छापेमारी की है.

ये छापेमारी भ्रष्टाचार, हथियारों की तस्करी समेत 30 अलग-अलग मामलों में की जा रही है. इनमें उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा से जुड़े मामले भी हैं.

भारतीय सुरक्षा बल

इमेज स्रोत, Getty Images

'बालाकोट के बाद घुसपैठ घटी'

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि जम्मू कश्मीर में सुरक्षा हालात में सुधार हुआ है और पाकिस्तान के चरमपंथी शिविरों पर सर्जिकल स्ट्राइक के बाद सीमा पर घुसपैठ के मामलों में 43 प्रतिशत की कमी आई है.

राय ने जम्मू कश्मीर में सीमापार से घुसपैठ के संबंध में एक पूरक प्रश्न के उत्तर में कहा, ''सुरक्षा बलों के समन्वित प्रयासों से इस साल की पहली छमाही में 2018 की इसी अवधि की तुलना में राज्य में सुरक्षा हालात में सुधार हुआ है.''

राहुल गांधी

इमेज स्रोत, Getty Images

राहुल गांधी को समन

दैनिक भास्कर के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गुजरात की दो अदालतों ने मानहानि मामले में समन जारी किया है. भाजपा नेताओं की ओर से दाखिल याचिकाओं पर ये समन जारी किए गए हैं.

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 'हत्या का आरोपी' बताया था और कहा था कि 'सभी चोरों का उपनाम मोदी है.'

सूरत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बीएच कपाड़िया ने भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी की अर्जी पर सुनवाई करते हुए राहुल गांधी को 16 जुलाई को पेश होने को कहा है.

अहमदाबाद में अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट डीएस डाभी ने दूसरी बार समन जारी कर 9 अगस्त को पेश होने के लिए कहा है. इससे पहले एक मई को जारी समन वापस आ गया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)