'ब्लैक पैंथर' चैड्विक बोसमैन का कैंसर से निधन, दुनिया भर में शोक की लहर

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

‘ब्लैक पैंथर’ फ़िल्म से शोरहत की ऊंचाइयों पर पहुंचने वाले मशहूर अमरीकी अभिनेता चैड्विक बोसमैन का निधन हो गया है.

43 वर्षीय हॉलीवुड अभिनेता कैंसर से जूझ रहे थे.

सोशल मीडिया पर जारी किए गए एक बयान के अनुसार चैड्विक की मौत लॉस एंजिलिस में हुई. आख़िरी पलों में उनकी पत्नी और परिवार उनके साथ था.

उनके परिवार ने अपने बयान में कहा, “चैड्विक एक सच्चे योद्धा थे. उन्होंने इन सबके बावजूद काम करना जारी रखा और आपको ऐसी कई फ़िल्में दीं जिनके लिए आप उनसे प्यार करते हैं.”

'कीमोथेरेपी और सर्जरी के बीच की शूटिंग'

परिवार ने उनके ट्विटर हैंडल से यह बयान ट्वीट किया है.

इसमें कहा गया है, “साल 2016 में चैड्विक के कैंसर का पता चला था और तब से लेकर अब तक वो न जाने कितनी सर्जरी और कीमोथेरेपी के बीच फ़िल्मों की शूटिंग करते रहे. उनका परिवार आपके प्यार और समर्थन के लिए शुक्रिया अदा करता है और गुज़ारिश करता है कि आप हमारी निजता का सम्मान जारी रखें.”

बोसमैन पिछले चार वर्षों से कैंसर से जूझ रहे थे लेकिन उन्होंने इस बारे में कभी सार्वजनिक रूप से बात नहीं की. हालांकि उनके लगातार गिरते वज़न को देखते हुए प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंता ज़ाहिर कर रहे थे.

शानदार अदाकारी के मालिक बोसमैन की मौत से दुनिया भर में उनके प्रशंसक और साथी कलाकार ग़मगीन हैं. हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड और आम से लेकर ख़ास व्यक्ति चैड्विक के निधन से दुखी नज़र आ रहा है.

'रेस्ट इन पावर...'

अमरीका में डेमोक्रैटिक पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने भी ट्वीट कर चैड्विक के निधन पर शोक जताया है.

उन्होंने लिखा, “मेरा दिल टूट गया है. मेरे साथी चैड्विक बोसमैन शानदार, दयालु और विद्वान थे. वो बहुत जल्दी चले गए लेकिन उनकी ज़िंदगी से बदलाव आया. इस मुश्किल वक़्त में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं.”

चैड्विक के साथी कलाकार मार्क रफ़ैलो ने ‘रेस्ट इन पीस’ की बजाय ‘रेस्ट इन पावर’ कहकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

उन्होंने ट्वीट किया, “मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि इस साल की त्रासदियां चैड्विक बोसमैन के जाने से और गहरी हो गई हैं.’’

चैड्विक के निधन के बाद भारत और अमरीका समेत दुनिया भर के कई देशों में सोशल मीडिया पर #ChadwikBoseman, #WakandaForever और #ChadwikForever ट्रेंड कर रहा है.

नस्लभेद के ख़िलाफ़ लड़ाई में पहचान

अमरीका के साउथ कैरोलिना में जन्मे चैड्विक की मां नर्स और पिता कारोबारी थे. उन्होंने वॉशिंगटन में अपनी पढ़ाई पूरी की. वैसे तो चैड्विक बोसमैन ने कई यादगार किरदार निभाए हैं लेकिन उन्हें सबसे ज़्यादा प्रसिद्धि मार्वल सिरीज़ की ‘ब्लैक पैंथर’ से मिली.

ब्लैक पैंथर फ़िल्म ने न सिर्फ़ समीक्षकों की तारीफ़ें और ज़बरदस्त कमाई की, बल्कि नस्लीय, सांस्कृतिक और सामाजिक स्तर पर भी अपनी एक छाप छोड़ी. इस फ़िल्म में डायरेक्टर समेत ज़्यादातर एक्टर काले थे.

बोसमैन ने पिछले साल कहा था, “इस फ़िल्म ने यह बताया था कि युवा, प्रतिभाशाली और काले होने का असली मतलब क्या है.”

ब्लैक पैंथर ऐसी पहली सुपरहीरो फ़िल्म थी जिसे ऑस्कर्स में ‘बेस्ट पिक्चर’ श्रेणी में नॉमिनेट किया गया था.

प्रतिभाशाली काले अभिनेता चैड्विक बोसमैन का निधन ऐसे वक़्त में हुआ है जब अमरीका समेत दुनिया के कई देशों में नस्लीय भेदभाव और काले लोगों के साथ होने वाली हिंसा के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई जा रही है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)