तारक मेहता के गुमशुदा 'सोढ़ी' की तलाश जारी, कर्ज से उबर कर कैसे टीवी स्टार बने गुरचरण सिंह

गुरचरण सिंह

इमेज स्रोत, GURCHARAN SINGH/INSTAGRAM

इमेज कैप्शन, रोशन सिंह सोढ़ी के किरदार में गुरचरण सिंह
प्रकाशित

लोकप्रिय टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले गुरचरण सिंह अचानक लापता हो गए हैं. गुरचरण सिंह के पिता ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है.

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक वो पिछले पांच दिनों से लापता हैं. दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है.

रिपोर्ट के मुताबिक गुरचरण सिंह सोमवार को दिल्ली स्थित अपने घर से मुंबई के लिए निकले थे और तब से लापता हैं.

उन्हें मुंबई पहुंचना था लेकिन वे ना तो वहां पहुंचे और न ही घर लौटे. उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा था. इस वजह से उनके परिवार को चिंता हुई और और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया.

एएनआई के मुताबिक गुरचरण सिंह के पिता हरगीत सिंह ने पुलिस को बताया, ''वह मानसिक रूप से स्थिर हैं. हम उन्हें तलाश रहे हैं. फिलहाल वो लापता हैं.''

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "हम मामले की जांच कर रहे हैं."

पिंकविला के मुताबिक एक्टर अपने पिता का जन्मदिन मनाने के लिए मुंबई से दिल्ली आए थे और इसके बाद वो वापस रवाना हो गए थे.

पुलिस ने क्या कहा

रोहित मीना

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, साउथ वेस्ट दिल्ली डीसीपी रोहित मीना

उनकी दोस्त सोनी ने पिंकविला को बताया, ''उनके माता-पिता चिंतित हैं और उन्होंने दिल्ली पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है. मैंने मुंबई में भी रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की लेकिन चूंकि वे वापस नहीं आए, इसलिए यहां रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकती.''

गुरचरण सिंह के पिता हरगीत सिंह ने इंडिया टुडे को बताया, ''इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने हमसे दस्तावेज ले लिए हैं और मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है.''

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के डीसीपी रोहित मीणा ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, ''गुरचरण सिंह के परिवार ने हमारे पास शिकायत दर्ज कराई है कि वह 22 अप्रैल को मुंबई के लिए रवाना हुए थे. तब से वह लापता हैं.''

उन्होंने कहा, ''हमने मामला दर्ज कर लिया है और कई बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं. हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं. हमें कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. हमने आईपीसी की धारा 365 के तहत मामला दर्ज किया है. बुनियादी तकनीकी सबूतों की जांच कर रहे हैं. फुटेज में उन्हें बैकपैक के साथ निकलते देखा गया.''

कर्ज के चक्कर में पहुंचे मुंबई?

गुरचरण  सिंह

इमेज स्रोत, GURCHARAN SINGH/INSTAGRAM

इमेज कैप्शन, पिता के साथ गुरचरण सिंह
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)

वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.

एपिसोड

समाप्त

गुरचरण सिंह के दोस्त सोनी ने बताया, ''गुरचरण जी की तबीयत भी पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं चल रही थी. इसलिए मुझे उसकी चिंता है. दिल्ली रवाना होने से पहले ही उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था. उनके कुछ टेस्ट भी किए गए थे.’’

उन्होंने बताया, '' वे दिल्ली जाने से पहले ज्यादा खा भी नहीं रहे थे. मैं वास्तव में आशा और प्रार्थना करता हूं कि वह ठीक हो जाएं और सुरक्षित लौट आएं."

लल्लनटॉप की खबर के मुताबिक, गुरचरण सिंह कर्ज में डूबकर घर छोड़कर मुंबई चले गए थे.

वहां उन्हें 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में काम मिल गया और वह सात साल तक उस सीरियल से जुड़े रहे.

गुरचरण सिंह ने सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाया था जो काफी लोकप्रिय भी हुआ था.

अक्टूबर 2021 में ई टीवी टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने बारे में कई बातें शेयर की थीं.

उस इंटरव्यू में कहा गया था कि रोशन सिंह सोढी और उनके बीच एकमात्र अंतर यह है कि वह शादीशुदा हैं और वह शादीशुदा नहीं हैं. दूसरे सोढ़ी शराब पीते हैं जबकि वे ख़ुद शराब नहीं पीते.''

अपनी शादी के बारे में उन्होंने कहा कि जब 'भगवान का आदेश होगा, तो ऐसा किया जाएगा'.

उन्होंने कहा कि सोढ़ी के किरदार की वजह से लोग उन्हें बहुत प्यार करते थे और उनसे अपने जैसे ही बात करते थे.

कोरोना के बाद जब अगस्त में दोबारा शूटिंग शुरू हुई तो गुरचरण सिंह ने तारक मेहता का उल्टा चश्मा छोड़ दिया था.

उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद उनके पिता का ऑपरेशन हुआ था. जबकि कोरोना के बाद जिंदगी काफी बदल गई है. हाथों को सेनेटाइज करना आदि और भी कई कारण रहे जिसकी वजह से उन्होंने शो छोड़ा.

पिंकविला वेबसाइट के मुताबिक गुरचरण सिंह का जन्म 1 जनवरी 1970 को हुआ था.

उनकी शिक्षा दिल्ली में पूरी हुई. गुरचरण सिंह ने अपने शुरुआती वर्षों के दौरान कई प्रिंट विज्ञापनों के लिए काम किया.

साल 2008 में उन्होंने सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' से अपना टेलीविजन सफर शुरू किया था. साल 2020 में जब उन्होंने सीरीज छोड़ी तो उनके फैन्स काफी हैरान हो गए.

इसके अलावा वे सीआईडी ​​और लेफ्ट राइट में भी नजर आ चुके हैं. गुरचरण के इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स हैं.

कर्ज और संघर्ष के दिन

गुरचरण सिंह

इमेज स्रोत, GURCHARAN SINGH/INSTAGRAM

उन्होंने अपने कर्ज के बारे में बात करते हुए एक यूट्यूब चैनल से कहा कि वो बहुत मुश्किल दिन थे. वे कर्ज चुकाना चाहते थे लेकिन उनके पास पैसे नहीं थे. जिनको पैसा लेना है वो भी अपनी जगह हैं.

उन्होंने कहा कि परिवार कर्ज उतारने के लिए प्लॉट बेचने की कोशिश कर रहा था, जो बिक नहीं रहा था.

उस इंटरव्यू में गुरचरण कहते हैं, ''उस स्थिति में सड़क पर खड़े होकर मैंने सीधे देवताओं से कहा, कर्जदारों को बार-बार सुनना पड़ता... मैंने जीवन में एक ही बात कही कि गुरु आत्महत्या नहीं करेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए. कहा कि अगर आपने यह जीवन दिया है, तो आप बदल भी सकते हैं.''

''सड़क के किनारे खड़े होकर मैंने कहा कि अगर आपको नहीं लगता कि हम उनके पैसे नहीं लौटा सकते, तो आप मुझे मार सकते हैं, लेकिन मैं आत्महत्या बिल्कुल नहीं करूंगा.''

तब गुरचरण सिंह का वह प्लॉट बिक गया और उन्होंने गुरुद्वारा रकाबगंज बुलाकर उधार का पैसा वापस कर दिया.

उन्होंने इंटरव्यू में बताया, ''जब हमने उन्हें पैसे लौटाए तो वे रो रहे थे और हम भी रो रहे थे.

गुरचरण सिंह ने कहा, "हमें आज भी ऐसा लगा कि आप हमारा पैसा वापस नहीं करेंगे. हमने कहा नहीं, जब हमें पैसे मिलेंगे तो हम लौटा देंगे और आज गुरुद्वारे पर खड़े होकर आपके पैसे चुका रहे हैं.''

तारक मेहता का उल्टा चश्मा में एंट्री

तारक मेहता

इमेज स्रोत, MANISH SHUKLA

इमेज कैप्शन, तारक मेहता का उल्टा चश्मा की शूटिंग

गुरचरण सिंह ने एक इंटरव्यू में कहा था, ''मुझे दिल्ली से मुंबई तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन तारक मेहता का उल्टा चश्मा तक पहुंचने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी."

उन्होंने कहा, "ऑडिशन कांदिवली में था. मुझे कैमरे के सामने काम करना पसंद है. मुझे स्क्रिप्ट मिली और मैं ऑडिशन देकर वापस आ गया. तभी फोन आया सर आपको एक और ऑडिशन देना होगा."

"मुझे लगा कि अब मुझसे शायद पैसे मांगे जाएंगे. वहाँ बहुत सारे लोग थे और मैं घबराया हुआ था."

गुरचरण के मुताबिक वहां उनकी मुलाकात दया शंकर पांडे से हुई, जिनकी फिल्म गंगा जल तब रिलीज हुई थी. उनसे बात करने के बाद मुझे लगा कि वे कुछ ग़लत नहीं करेंगे.

रोशन की पत्नी का किरदार निभाने वाली जेनिफर थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन ''जब मैंने ऊर्जा के साथ शुरुआत की तो वे भी उत्साहित हो गईं. जब डायरेक्टर ने कट कहा तो भी हम रुक नहीं रहे थे.''

तारक मेहता का उल्टा चश्मा का विवाद और लोकप्रियता

तारक मेहता

इमेज स्रोत, NEELA FILM PRODUCTION

बीबीसी संवाददाता सुप्रिया सोगले की रिपोर्ट के अनुसार तारक मेहता का उल्टा चश्मा का प्रीमियर जुलाई 2008 में सब टीवी पर हुआ.

यह कॉमेडी सीरियल मशहूर गुजराती लेखक तारक मेहता के साप्ताहिक कॉलम पर आधारित है.

निर्माताओं ने 2001 में उस पत्रिका से उसके अधिकार खरीदे थे जिसमें ये छपता था.

लेकिन प्रमुख टीवी चैनलों ने इसे लेने से इनकार कर दिया क्योंकि उस युग में सास-बहू धारावाहिकों का बोलबाला था.

मेकर्स को इसके लिए करीब 8 साल तक इंतजार करना पड़ा, लेकिन इस इंतजार का उन्हें शानदार नतीजा मिला.

यह धारावाहिक गोकुलधाम सोसायटी और उसमें रहने वाले अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोगों के जीवन पर केंद्रित है.

समाज में रहने वाले लोगों ने धीरे-धीरे भारत के घरों में अपनी जगह बना ली. इस सीरियल को लोगों ने खूब पसंद किया.

आम लोग और उनकी आम जिंदगी, हर दिन कोई न कोई नई घटना और उस घटना के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानियां लोगों के दिलों को छू जाती हैं.

जेनिफर मिस्त्री

इमेज स्रोत, JENNIFER MISTRY BANDIWAL

इमेज कैप्शन, मिसेज सोढ़ी के किरदार में जेनिफर मिस्त्री

सीरियल के मुख्य किरदार जेठालाल गड़ा और उनकी पत्नी दया बेन के किरदार इतने लोकप्रिय थे कि कभी-कभी इन कलाकारों को सार्वजनिक स्थानों पर उनके असली नाम से नहीं बल्कि सीरियल के किरदारों के नाम से बुलाया जाता था.

यही हाल सीरियल के बाकी कलाकारों का भी था. शुरुआत में यह सिरीज़ केवल दो साल के लिए बनाई गई थी लेकिन इसकी सफलता ने निर्माता-निर्देशक को प्रोत्साहित किया.

15 साल पूरे होने पर इस सीरीज के 3600 से ज्यादा एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं.

शो की लोकप्रियता इतनी थी कि इसे तेलुगु और मराठी भाषाओं में भी डब किया गया था.

ये सिरीज कई विवादों में भी घिर चुकी है. यह सीरियल अभी भी चल रहा है लेकिन इसके कई मशहूर कलाकार इस सीरियल से अलग हो चुके हैं और कुछ अब इस दुनिया में नहीं हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)