मोबाइल फ़ोन के विवाद में माता-पिता और बेटे की गई जान

मोबाइल फ़ोन के विवाद में माता-पिता और बेटे की गई जान
प्रकाशित

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर ज़िले में मोबाइल फ़ोन पर हुए विवाद को लेकर माता-पिता और उनके बेटे की जान चली गई.

ये घटना 21 अगस्त को ज़िले के तीसगांव में हुई. बीबीसी मराठी के मुताबिक़, घटना में मुरलीधर दामोदर चांदगुडे, उनकी पत्नी संगीता मुरलीधर चांदगुडे और बेटे कुणाल मुरलीधर चांदगुडे की मौत हो गई है.

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोबाइल फ़ोन को लेकर परिवार में हुए विवाद के बाद कुणाल चांदगुडे पास के एक पहाड़ पर पहुंचकर कूदने की धमकी दे रहे थे.

पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक पहाड़ से छलांग लगाने वाला है. इसके बाद पुलिस, दमकलकर्मियों की एक टीम और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे.

(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

बीबीसी मराठी के मुताबिक, युवक को समझाने की काफ़ी कोशिश की गई.

उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे मौके पर पहुंचे. उन्होंने अपने बेटे को बचाने और उसे चट्टान के किनारे से दूर खींचने की कोशिश की.

हालांकि, इस कोशिश के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह अपने बेटे के साथ गहरी खाई में गिर गए.

बीबीसी मराठी के मुताबिक शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति और बेटे को खाई में गिरते देखकर मां संगीता चांदगुडे ने भी अपनी जान दे दी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.