पुणे-बंगलुरु हाईवे पर एक दूसरे से टकराईं 48 कारें, बेलगाम ट्रक ने मचाई तबाही

प्रकाशित

पुणे-बंगलुरु हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमें कई 48 कारों को नुकसान पहुंचा है.

इस मामले में अब तक कम से कम दस लोगों के घायल होने की सूचना है.

ख़बरों के मुताबिक़, रविवार शाम एक तेज़ रफ्तार ट्रक एक के बाद एक कई कई कारों को टक्कर मारते हुए निकल गया.

एक अनुमान के मुताबिक़, ट्रक की चपेट में कम से कम 48 वाहन आए हैं. ये दुर्घटना रविवार शाम क़रीब 8.30 बजे की है.  

सुरक्षाबल और फ़ायर ब्रिगेड की टीमों ने घटनास्थल पर पहुँचकर पीड़ितों की मदद की और ट्रक की चपेट में आई कारों सें फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया. 

पुणे-बंगलुरु हाइवे के जिस हिस्से में ये दुर्घटना हुई है वहां पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं.

रविवार की रात वास्तव में क्या हुआ था?

एक चश्मदीद ने बीबीसी मराठी को बताया कि नावले ब्रिज पर ट्रैफ़िक जाम की वजह से वाहन रोके गए थे.

इसी बीच एक ट्रक आया और कारों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया. 

मुंबई जा रहे ड्राइवर पांडुरंग ने बताया, “आधे घंटे से ट्रैफिक जाम लगा हुआ था. मेरी गाड़ी को रुके बमुश्किल दस सेकेंड हुए होंगे. तभी पीछे से एक ट्रक कारों को टक्कर मारता नज़र आया. मैंने उस ट्रक को 15-20 कारों को पीछे से टक्कर मारते देखा. उसके बाद क्या हुआ, मुझे अंदाज़ा नहीं है.”

पांडुरंग ने ये भी बताया, “मेरी कार में यात्री थे. मैं वहीं रुक गया. मैंनें कार सड़क के किनारे कर ली. मैं और मेरे पैंसेजर किसी तरह से बच गए बस. मेरी कार में किसी को चोट नहीं आई. कुछ कारों को ट्रक ने टक्कर मारी और कारें इसकी वजह से एक दूसरे से भिड़ गईं."

इस हादसे पर बयान देते हुए पुणे के पुलिस उपायुक्त सुहैल शर्मा ने कहा, “प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक तेज गति से आगे बढ़ता गया, लेकिन जांच जारी है. सौभाग्य से, कोई हताहत नहीं हुआ. छह लोग घायल हुए हैं और उनकी हालत स्थिर है.”

ट्रक की टक्कर से कितनी कारें क्षतिग्रस्त हुईं?

जिस ट्रक से यह हादसा हुआ है वह आंध्र प्रदेश का है. पुणे फ़ायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के मुताबिक़ इस ट्रक की टक्कर से कुल 48 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है.

लेकिन पुलिस उपायुक्त सुहैल शर्मा ने कहा कि 24 कारों को नुकसान पहुंचा है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला है.

दुर्घटना के बाद लोगों की मदद करने वालों में स्थानीय निवासी शशिकंता म्हारानूर भी शामिल थे. 

उन्होंने बीबीसी मराठी को बताया, “ट्रक के टकराने के बाद, मैं पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुँच गया था. मैंने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था. सब कुछ अचानक हो जाने से कई लोग स्तब्ध थे. मैंने क्षतिग्रस्त कारों की गिनती की. संख्या 40 से अधिक थी." 

“मैं पिछले कुछ वर्षों से इसी इलाक़े में रह रहा हूं और इस दौरान यहाँ 4-5 गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं.”

नावले ब्रिज पर क्यों होते हैं हादसे?

सतारा से मुंबई को जोड़ने वाली सड़क पर कटराज सुरंग को पार करने के बाद कई दुर्घटनाएं होती हैं.

इस हाईवे पर नावले ब्रिज चौक और भूमकर नगर जैसी जगहें दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात हैं.

सुरंग पार करने के बाद ढलान होने के कारण कुछ लोग अपने वाहनों को न्यूट्रल पर रख लेते हैं. इसके बाद गाड़ी पर नियंत्रण कमज़ोर पड़ सकता है और यही दुर्घटना का कारण बन जाता है.

रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्रीय प्रमुख अमित भाटिया को लगता है कि इस हादसे का कारण भी यही रहा होगा.

भाटिया खेड़-शिवपुर और अनेवाड़ी टोल प्लाजा के प्रबंधक भी हैं. 

अमित भाटिया ने बताया, "हमारे पास जो जानकारी है उसके अनुसार, ट्रक न्यूट्रल गियर में था. इसी कारण ब्रेक ठीक से नहीं लगे होंगे. यही बात हादसे की वजह बनी. पिछले छह महीने में यह पहला बड़ा हादसा है.  इस जगह पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक फाउंडेशन के ज़रिए एक ऑडिट किया गया है. उनकी सिफ़ारिश पर हमने यहां रंबल स्ट्रिप लगाई है. स्पीड कैमरे भी लगे हैं. बोर्ड पर यह भी लिखा है कि अपने वाहनों को न्यूट्रल गियर में मत डालो.'' 

अमित भाटिया ने बताया कि इस घटना के बाद सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की बैठक होगी और ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम पर विचार किया जाएगा.

दुर्घटना के बाद वाहनों से भारी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया है. बचाव कार्य के दौरान यातायात बंद रहा.  

रविवार देर रात तक तेल रिसाव की वजह से फिसलन भरी सड़क को साफ़ कर, यातायात सुचारू रूप से चला दिया गया है. 

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)