अमेरिका: सिएटल में गोलीबारी, दो लोगों की मौत

इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका के सिएटल में गोलीबारी की एक घटना हुई है और पुलिस मौक़े पर पहुंच गई है.
ये घटना शहर के मशहूर लैंडमार्क स्पेस नीडल के पास स्थित सिएटल सेंटर में हुई.
सिएटल फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, सिएटल सेंटर में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई है और कम से कम पांच अन्य घायल हुए हैं.
अधिकारियों ने बताया कि दोनों मृतकों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया.
घायलों में दो साल का एक बच्चा भी शामिल है, जिसे स्थिर हालत में अस्पताल ले जाया गया है. वहीं, 56 वर्षीय एक महिला की हालत गंभीर बताई गई है.
एक अन्य घायल को मामूली चोटें आईं और उसने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया. फायर डिपार्टमेंट ने अन्य घायलों की चोटों के बारे में फिलहाल कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी है.
सिएटल सेंटर में 'बाइट ऑफ़ सिएटल फूड फेस्टिवल' का आयोजन हो रहा था. हर साल होने वाले इस कार्यक्रम में खाने-पीने के स्टॉल और लाइव म्यूज़िक प्रस्तुतियां होती हैं. इसमें लाखों लोग शामिल होते हैं.
सिएटल सेंटर में हुई गोलीबारी के मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. यह जानकारी सिएटल की मेयर केटी विल्सन ने दी.
केटी विल्सन ने एक बयान में कहा, "मैं सिएटल पुलिस के उन अधिकारियों का धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया."
हालांकि, संदिग्धों की पहचान के बारे में फिलहाल कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी गई है.
मेयर विल्सन ने इस घटना को "भयावह हिंसा की कार्रवाई" बताया.
उन्होंने कहा, "प्रभावित परिवार अपनी ज़िंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं और पूरा समुदाय यह समझने की कोशिश कर रहा है कि संस्कृति, आपसी जुड़ाव और खुशियों का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम आखिर गोलीबारी में कैसे बदल गया."
उन्होंने आगे कहा, "आज रात हमारी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया, उन लोगों के साथ हैं जो अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन परिवारों के साथ हैं जो उनके साथ खड़े हैं."
उन्होंने कहा, "सिएटल आपके दुख में आपके साथ है और आने वाले कठिन दिनों में भी आपके साथ खड़ा रहेगा.
चश्मदीदों ने क्या बताया?

इमेज स्रोत, Reuters
'द सिएटल टाइम्स' के मुताबिक़, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार रविवार शाम 6 बजे (भारतीय समयानुसार सोमवार सुबह 6 बजे) कई गोलियों की आवाज़ें सुनी गईं. एक कार्यक्रम में शामिल व्यक्ति ने घटनास्थल के माहौल को "पूरी तरह अराजक" बताया.
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोग घायल हुए हैं या किसी संदिग्ध को गिरफ़्तार किया गया है.
कुछ और चश्मदीदों ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ के एक सहयोगी चैनल को बताया कि उन्होंने घटनास्थल से भागने से पहले कई गोलियों की आवाज़ें सुनीं.
स्थानीय निवासी निक बेट ने कीरो-टीवी को बताया, "पहले मुझे लगा कि आतिशबाज़ी हो रही है, और फिर हर कोई हमारे पास से भागता हुआ निकलने लगा."
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह एक बगीचे से होकर भागी और बचने के लिए झुककर छिप गई.
एक और चश्मदीद लीन कॉल्स ने कहा, "हर कोई भागने लगा, इसलिए हम भी भागे. हमने भीड़ के साथ भागते रहने का फ़ैसला किया... मैं यह देखने के लिए ऊपर स्पेस नीडल की तरफ़ देख रही थी कि हम कहां हैं. यह वाक़ई बहुत डरावना था."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.























