सोमवार, 23 फ़रवरी, 2009 को 23:18 GMT तक के समाचार
इंडियन प्रीमियर लीग के प्रमुख ललित मोदी का कहना है कि आईपीएल के दूसरे सीज़न की शुरुआत जयपुर में शानदार समारोह के साथ होगी.
ललित मोदी का कहना था कि राजस्थान रॉयल्स के दो मैच अहमदाबाद में होंगे लेकिन बाकी के मैच जयपुर में खेले जाएंगे.
राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पद का नामांकन भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत में ललित मोदी ने कहा,'' अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार आईपीएल के दूसरे सीज़न का भव्य उदघाटन समारोह और उदघाटन मैच जयपुर में होगा.''
राजस्थान क्रिकेट संघ का चुनाव एक मार्च को होना है. उनका कहना था कि इस चुनाव के नतीजे का आईपीएल पर कोई असर नहीं होगा.
उल्लेखनीय है कि हाल ही में ललित मोदी ने उनके ख़िलाफ़ मामले दर्ज करने के बाद आईपीएल के मैच जयपुर से हटाने की बात कही थी.
उनका कहना था कि उनके ख़िलाफ़ हाल ही में दर्ज किए गए मामले राजनीति से प्रेरित हैं.
उन्होंने कहा था कि अगर कोई भी सरकार आईपीएल प्रबंधन के मैच कराने में बाधा डालती है तो प्रबंधन उस स्थान से हटाकर कहीं और मैच करवा सकता है.
ग़ौरतलब है कि ‘नागरिक मोर्चा ’ नामक एक ग़ैर सरकारी सामाजिक संगठन ने ललित मोदी पर 'धोखाधड़ी का आरोप' लगाते हुए जयपुर के एक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.