http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 23 फ़रवरी, 2009 को 13:40 GMT तक के समाचार

मार्च में रिटायर हो जाएँगे बकनर

वेस्टइंडीज़ के चर्चित अंपायर स्टीव बकनर मार्च में रिटायर हो जाएँगे. स्टीव बकनर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अंपायरों के पैनल में शामिल हैं.

आईसीसी के मुताबिक़ ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ़्रीका के बीच तीसरा टेस्ट मैच बकनर का आख़िरी टेस्ट मैच होगा. ये टेस्ट मैच 19 से 23 मार्च तक केपटाउन में खेला जाएगा.

अंपायर के रूप में स्टीव बकनर 29 मार्च को अपने आख़िरी वनडे मैच में उतरेंगे. ये मैच बारबाडोस में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ के बीच खेला जाएगा.

हाई स्कूल में गणित के अध्यापक रहे स्टीव बकनर वर्ष 1993 से आईसीसी के पैनल में शामिल हैं.

दरअसल इसी साल आईसीसी ने अंपायरों के प्रतिष्ठित पैनल का गठन किया था. 1993 से पहले भी बकनर ने अंतरराष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंग की थी.

सराहना

स्टीव बकनर 1985 से 1992 तक वे फ़ीफ़ा की ओर से फ़ुटबॉल के रेफ़री रहे. स्टीव बकनर ने अंतरराष्ट्रीय मैचों में पहली बार वर्ष 1989 में अंपायरिंग की थी. 18 मार्च 1989 को ये वनडे मैच भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच खेला गया था.

इसके ठीक एक महीने बाद उन्होंने भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच टेस्ट मैच में भी अंपायरिंग की, जो अंपायर के रूप में उनका पहला टेस्ट मैच था.

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लॉरगेट ने स्टीव बकनर की सराहना की है.

अपने बयान में उन्होंने कहा, "पिछले दो दशक से स्टीव बकनर ने क्रिकेट में अपना अहम योगदान दिया. स्टीव बकनर में हर तरह के गुण हैं. सबसे बड़ी बात ये कि वे काफ़ी सज्जन हैं."

स्टीव बकनर पिछले पाँच विश्व कप फ़ाइनल में भी अंपायर रहे.

पिछले साल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुई टेस्ट सिरीज़ में स्टीव बकनर की काफ़ी आलोचना हुई थी. विवादित सिडनी टेस्ट के दौरान उनके कई फ़ैसलों की आलोचना हुई थी.