शनिवार, 14 फ़रवरी, 2009 को 15:09 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के ख़िलाफ़ एक दिवसीय सिरीज़ में शानदार प्रदर्शन के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज़ों ने अच्छी छलांग लगाई है.
आईसीसी की वनडे की ताज़ा रैंकिंग में युवराज सिंह तीसरे नंबर पर आ गए हैं. युवराज सिंह ने श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज़ में कई अच्छी पारियाँ खेली थी और मैन ऑफ़ द सिरीज़ भी चुने गए थे.
बल्लेबाज़ों की इस रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं जबकि दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी हैं. श्रीलंका में अच्छे प्रदर्शन के कारण गौतम गंभीर 12वें और वीरेंदर सहवाग 15वें नंबर पर पहुँच गए हैं.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ सिरीज़ में युवराज सिंह ने 56.80 की औसत से 284 रन बनाए थे. भारत ने श्रीलंका को पाँच मैचों की सिरीज़ में 4-1 से मात दी थी.
इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत युवराज सिंह ने रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाई है और तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं. गंभीर ने आठ स्थान की छलांग लगाई है और वे 12वें नंबर हैं.
सहवाग भी छह स्थान ऊपर आए हैं और अब उनकी रैंकिंग 15वीं हो गई है.
न्यूज़ीलैंड के रॉस टेलर को भी ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सिरीज़ में शानदार प्रदर्शन का लाभ मिला है. रॉस टेलर अब 16वें स्थान पर पहुँच गए हैं. इसी स्थान पर दक्षिण अफ़्रीका के हर्शेल गिब्स भी हैं.
लेकिन क्रिकेट की दुनिया के दो बेहतरीन खिलाड़ियों के लिए अच्छी ख़बर नहीं है. ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग ख़राब दौर से गुज़र रहे हैं. वे पाँच स्थान नीचे गिरकर 10वें स्थान पर पहुँच गए हैं.
जबकि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर नौ स्थान नीचे गिरकर 21वें स्थान पर हैं.
आईसीसी रैंकिंग (बल्लेबाज़ी)
1. महेंद्र सिंह धोनी- भारत
2. माइकल हसी- ऑस्ट्रेलिया
3. युवराज सिंह- भारत
4. क्रिस गेल- वेस्टइंडीज़
5. एस चंद्रपॉल- वेस्टइंडीज़
6. ग्रैम स्मिथ- दक्षिण अफ़्रीका
7. केविन पीटरसन- इंग्लैंड
8. मोहम्मद यूसुफ़- पाकिस्तान
9. एबी डी वेलियर्स- दक्षिण अफ़्रीका
10. रिकी पोंटिंग- ऑस्ट्रेलिया
11. कुमार संगकारा- श्रीलंका
12. गौतम गंभीर- भारत
13. रामनरेश सरवन- वेस्टइंडीज़
14. ज़ाक कैलिस- दक्षिण अफ़्रीका
15. वीरेंदर सहवाग- भारत