गुरुवार, 05 फ़रवरी, 2009 को 12:32 GMT तक के समाचार
ऑस्ट्रेलिया के चर्चित बल्लेबाज़ माइकल क्लार्क ने घोषणा की है कि वे इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के दूसरे सीज़न की नीलामी में हिस्सा नहीं लेंगे.
दूसरी ओर क्लार्क की घोषणा पर आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि माइकल क्लार्क को डर था कि कोई टीम उन्हें ख़रीदे ही नहीं.
शुक्रवार को गोवा में आईपीएल के दूसरे सीज़न के लिए क्रिकेट खिलाड़ियों की नीलामी होनी है.
क्लार्क ने अपनी टीम के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का हवाला देते हुए कहा कि वे आईपीएल में नहीं खेलेंगे.
समाचार एजेंसियों से बातचीत में क्लार्क ने कहा, "मुझे आश्चर्य नहीं है कि बहुत से खिलाड़ी आईपीएल में खेलने के लिए जा रहे हैं. लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं अपने लिए और अपने परिवार के लिए व्यस्त कार्यक्रमों में से समय निकाल सकूँ. इसलिए मैं छुट्टी चाहता हूँ."
निराशाजनक
लेकिन ललित मोदी ने क्लार्क के इस क़दम को मायूस करने वाला बताया है.
एक टीवी चैनल से बातचीत में मोदी ने कहा कि क्लार्क ने नीलामी के दौरान शर्मिंदगी से बचने के लिए ऐसा किया है. उन्होंने कहा, "मैं नहीं समझता कि कोई भी टीम उन्हें 10 लाख डॉलर देकर ख़रीदती."
मोदी के मुताबिक़ वो नहीं समझते की क्लार्क आने वाले वर्षों में आईपीएल के लिए खेल सकेंगे.
उन्होंने बताया कि क्लार्क को अपनी क़ीमत कम करने को कहा गया था. लेकिन वो इसके लिए तैयार नहीं थे. क्लार्क आईपीएल के पहले सीज़न में भी हिस्सा नहीं ले सके थे.