मंगलवार, 03 फ़रवरी, 2009 को 23:27 GMT तक के समाचार
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को श्रीलंका के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ जीतने के बाद कहा कि भारतीय टीम लगातार जीत के रिकॉर्ड पर ध्यान देने के बजाए बचे हुए दो अंतिम वनडे में रिज़र्व खिलाडि़यों को मैदान पर उतारेगी.
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर लगातार आठ वनडे जीतने के भारत के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
धोनी ने जीत के बाद कहा,'' लगातार नौंवी वनडे जीत से ज्यादा महत्वपूर्ण रिज़र्व खिलाडि़यों को मैदान पर उतारना है. हम रिकॉर्ड की ओर ध्यान नहीं लगाए हैं, बल्कि हम उन खिलाडि़यों को मौक़ा देंगे जिन्हें अभी तक सिरीज़ में खेलने का मौक़ा नहीं मिला है.''
धोनी ने कहा,'' हम 3-0 से आगे हैं और सिरीज़ जीत चुके हैं. इससे हमें उन खिलाड़ियों को खिलाने का मौक़ा मिलेगा. हमारे लिए यही प्राथमिकता है.''
कोलंबो में जीत के बारे में धनी ने कहा,'' युवराज सिंह और वीरेंद्र सहवाग के बीच 221 रन की साझेदारी ने बड़ा अंतर ला दिया. उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी की. ''
धोनी का कहना था कि दोनों ने श्रीलंकाई गेंदबाज़ों को ख़राब गेंदबाजी करने के लिए बाध्य किया और अच्छी गेंदों पर रन बनाए.
ग़ौरतलब है कि भारत ने श्रीलंका को तीसरे वनडे मैच में 147 से हराकर पांच मैचों की सिरीज़ 3-0 से जीत ली है.
भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 364 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन श्रीलंका की पूरी टीम 41.4 ओवरों में 216 रन बनाकर आउट हो गई.