शुक्रवार, 30 जनवरी, 2009 को 06:08 GMT तक के समाचार
सरीना और वीनस विलियम्स की अमरीकी जोड़ी ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का डबल्स ख़िताब जीत लिया है. दोनों ने हंतुकोवा और सुगियामा की जोड़ी को मात दी.
मेलबोर्न पार्क पर खेले गए फ़ाइनल मुक़ाबले में विलियम्स बहनों को कोई ख़ास पसीना नहीं बहाना पड़ा.
अमरीकी जोड़ी ने स्लोवाकिया की डेनियेला हंतुकोवा और जापान की आई सुगियामा को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से मात दी.
विलियम्स बंधुओं का यह आठवाँ ग्रैंड स्लैम ख़िताब है.
दूसरे सेट में एक समय मुक़ाबला संघर्षपूर्ण होता दिखाई दिया और दोनों जोड़ियों ने एक दूसरे की सर्विस ब्रेक की लेकिन हंतुकोवा और सुगियामा मैच पर हावी नहीं हो पाईं.
सरीना विलियम्स ऑस्ट्रेलियन ओपन में महिलाओं के सिंगल्स के फ़ाइनल में भी पहुँची हुई हैं.
सिंग्लस में उनकी ख़िताबी टक्कर रूस की दिनारा सफ़ीना से होना है.
मेलबोर्न में गुरुवार को खेले गए पहले सेमीफ़ाइनल में सरीना ने चौथी वरीयता प्राप्त और ओलंपिक चैंपियन एलेना देमेंतिएवा को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से हराया.