http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 19 जनवरी, 2009 को 08:42 GMT तक के समाचार

ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में सानिया

भारतीय खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा ने मार्टा डोमाचोवस्का को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है.

सानिया ने 61वीं वरीयता प्राप्त मार्टा को 6-1, 6-4 से हराया.

पोलैंड की खिलाड़ी डोमाचोवस्का पहला सेट मात्र 25 मिनट में हार गई लेकिन दूसरे सेट में उन्होंने सानिया का मुक़ाबला किया.

दूसरे सेट में सानिया 2-0 से आगे थीं लेकिन इसके बाद डोमाचोवस्का ने लगातार चार गेम जीते जिसके बाद सेट का स्कोर हो गया 2-4.

इसके बाद सानिया पर दबाव बढ़ता चला गया लेकिन उन्होंने ज़बरस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए वापसी की और 6-4 से सेट जीत लिया.

इससे पहले 2003 में सानिया का मुक़ाबला मार्टा से हुआ था जिसमें सानिया हार गई थी.

सानिया पिछले चार महीने से कलाई की चोट के कारण खेल नहीं पा रही थीं.

दूसरे दौर में सानिया का मुक़ाबला संभवत दसवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी नादिया पेत्रोवा के साथ हो सकता है जो उनके लिए काफ़ी कठिन होगा.