शुक्रवार, 19 दिसंबर, 2008 को 17:56 GMT तक के समाचार
साइना नेहवाल मलेशिया में चल रही वर्ल्ड सिरीज़ सुपर मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के सेमीफ़ाइनल में पहुँचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं.
दुनिया में दसवें नंबर की खिलाड़ी साइना ने शुक्रवार को मलेशिया की मियू चू वोंग को हराकर इतिहास रच दिया.
साइना प्रतियोगिता के पहले मुक़ाबले में पराजित हो गई थीं लेकिन उसके बाद उन्होंने लगातार दो जीत दर्ज की है.
क्वार्टरफ़ाइनल मैच में साइना ने वोंग को 21-10, 17-21, 21-16 से हराया.
इससे पहले उन्होंने फ्रांस की होंगयान पी को 21-18, 21-13 से सीधे सेटों में हराया था.
इस जीत से उत्साहित साइना ने मलेशियाई प्रतिद्वंद्वी के ख़िलाफ़ ज़ोरदार स्मैश लगाए. पहले गेम में एक समय स्कोर 13-4 से उनके पक्ष में था.
ग्यारहवीं रैंकिंग प्राप्त वोंग ने वापसी की पुरजोर कोशिश की लेकिन वो पहला सेट 21-10 से हार गईं.
हालाँकि अगले गेम में साइना का आक्रमण कमजोर पड़ गया और वो 17-21 से हार गईं.
लेकिन निर्णायक गेम में वापसी करते हुए उन्होंने 21-16 से लीड लेकर मैच को अपनी ओर मोड़ लिया.