शुक्रवार, 19 दिसंबर, 2008 को 05:21 GMT तक के समाचार
इंग्लैंड और भारत के बीच मोहाली में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन खेल ख़त्म होने तक पहले बल्लेबज़ी करते हुए भारत ने एक विकेट के नुक़सान पर 179 रन बनाए हैं.
सलामी बल्लेबाज़ गौतम गंभीर ने टेस्ट करियर में अपना चौथा शतक जड़ा है. खेल ख़त्म होने तक वो 106 रनों के निजी स्कोर पर खेल रहे थे. जबकि राहुल द्रविड़ ने 65 रन बनाए हैं.
महज़ छह रनों के स्कोर पर भारत ने वीरेंद्र सहवाग के रुप में अपना पहला विकेट गंवा दिया था.
वीरेंद्र सहवाग अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे कि स्टुअर्ट बोर्ड की गेंद पर प्रायर ने उनका कैच लपक लिया. सहवाग के आउट होने के बाद राहुल द्रविड़ बल्लेबाज़ी करने के लिए आए थे.
बारिश की वजह से खेल प्रभावित हुआ और निर्धरित 90 ओवरों के बजाए 72 ओवरों का ही खेल हो सका. सुबह में जब खेल शुरु हुआ तो ख़राब रौशनी की वजह से मैच तय समय से कुछ देर से शुरु हुआ था.
भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
1-0 से बढ़त
दो टेस्ट मैचों की इस सीरिज़ में भारत ने पहले ही चेन्नई टेस्ट जीत कर 1-0 से बढ़त बना रखी है.
दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी टीम में मामूली बदलाव किया है और स्टीव हार्मिसन के बदले स्टुआर्ट बोर्ड को टीम में जगह दी है. लेकिन भारत ने कोई परिवर्तन नहीं किया है.
पहले ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही थी कि फॉर्म में नहीं चल रहे राहुल द्रविड़ को निचले क्रम में जाकर बल्लेबाज़ी करनी पड़ सकती है.
लेकिन मोहाली टेस्ट में उनके क्रम को नहीं बदला गया और उन्होंने शुक्रवार को अर्धशतक जड़ कर एक तरह से चर्चाओं को ग़लत साबित किया है.
इंग्लैंड टीम
केविन पीटरसन (कप्तान), एंड्रयू स्ट्रॉस, एलेस्टर कुक, इयन बेल, पॉल कॉलिंगवुड, एंड्रयू फ़्लिंटफ़, मैट प्रायर, ग्रैम स्वान, स्टुआर्ट बोर्ड, जेम्स एंडरसन और मोंटी पनेसर
भारतीय टीम
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), वीरेंदर सहवाग, गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, ज़हीर ख़ान,
हरभजन सिंह, ईशांत शर्मा और अमित मिश्रा.