http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 17 दिसंबर, 2008 को 22:14 GMT तक के समाचार

'युवराज टेस्ट क्रिकेट में भी सफल रहेंगे'

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भरोसा जताया है कि युवराज सिंह जल्द ही भारत के शीर्ष टेस्ट क्रिकेटरों में शामिल हो जाएँगे.

रणजी मैच खेलने दिल्ली आए सौरभ गांगुली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि युवराज एक दिवसीय क्रिकेट के शानदार खिलाड़ी हैं.

उनका कहना था, '' मुझे पूरा भरोसा है कि वो ख़ुद को टेस्ट क्रिकेट में भी साबित करेंगे.''

उल्लेखनीय है कि सौरभ गांगुली के संन्यास लेने के बाद युवराज सिंह ने उनका स्थान लिया है.

युवराज ने आठ महीने के बाद टेस्ट मैचों में वापसी करते हुए इंग्लैंड के ख़िलाफ़ चेन्नई में हुए पहले टेस्ट में 14 और 85 रन की पारियाँ खेली थीं.

उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड ने भारत के सामने जीत के लिए 387 रनों का लक्ष्य रखा था.

मैच के आख़िरी दिन सचिन और युवराज की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत भारत ने ये लक्ष्य चार विकेट खोकर हासिल कर लिया था.

सचिन तेंदुलकर ने शानदार नाबाद शतक जड़ा तो युवराज सिंह ने नाबाद 85 रन बनाए.

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी युवराज सिंह के मौजूदा फॉर्म से काफ़ी खुश हैं.

इंग्लैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के दौरान धोनी ने कहा था कि मैदान पर सहवाग और सचिन को बल्लेबाज़ी करते देखना सुखद लगता है पर युवराज के विकेट पर होने का अंदाज़ कुछ अलग है.

धोनी का कहना था कि उनके हिसाब से जब युवराज लय में होते हैं, तो सचिन और सहवाग से ज्यादा आक्रामक लगते हैं.