रविवार, 14 दिसंबर, 2008 को 09:31 GMT तक के समाचार
हाल के दिनों में आलोचनाओं के घेरे में आए भारतीय क्रिक्रेट खिलाड़ी राहुल द्रविड़ को पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली के इस वक्तव्य से राहत मिल सकती है जिसमें गांगुली ने कहा है कि वे जल्द ही अपनी खोई फ़ार्म हासिल कर लेंगे.
पूर्व कप्तान ने उन दावों को सिरे से ख़ारिज किया है जिनमें कहा गया है अब ‘वॉल’ कमज़ोर पड़ रही है.
भारतीय टीम में मिस्टर डिपेंडेबल कहे जाने वाले द्रविड़ अपने हालिया प्रदर्शन से आलोचनाएँ झेल रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई को ईडन गार्डन में प्रैक्टिस सत्र के बाद दिए एक बयान में गांगुली ने कहा, "राहुल एक महान खिलाड़ी हैं और ये कहना सरासर ग़लत होगा कि उनका करियर समाप्ति पर है."
विदेशों में अपने प्रदर्शन से भारत को कई जीत दिला चुके और 10 हज़ार से ज़्यादा रन बना चुके द्रविड़ ने पिछले दो सालों में खेली गई 48 पारियों में केवल दो शतक और नौ अर्धशतक ही बनाए हैं.
द्रविड़ का हाल का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है. अपनी अंतिम पांच पारियों में उन्होंने केवल 11,11,0,3 और तीन रन ही बनाए हैं.
जल्द वापसी
सौरभ गांगुली को उम्मीद है कि राहुल जल्द अपनी खोई फ़ॉर्म हासिल कर लेंगे.
गांगुली ने कहा, "हाल की असफ़लता से राहुल की क़ाबलियत को नहीं आंका जाना चाहिए. मुझे पूरा यक़ीन है कि वे जल्द ही एक अच्छी पारी से वापसी करेंगे और अपने आलोचको का मुँह बंद कर देंगे."
वहीं दूसरी तरफ़ मुंबई में चरमपंथी हमले के बाद भारत और पाक के बीच बने हालात में भारतीय टीम के पाकिस्तान दौरे पर टिप्पणी न करते हुए गांगुली ने कहा कि ये उनके दायरे से बाहर की बात है.