http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 12 दिसंबर, 2008 को 09:26 GMT तक के समाचार

चेन्नई टेस्ट: संकट में भारतीय टीम

इंग्लैंड के ख़िलाफ़ चेन्नई टेस्ट में भारत संकट में है. दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक भारतीय टीम ने 155 रन पर अपने छह विकेट गँवा दिए है.

इससे पहले इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 316 रन बनाकर आउट हो गई. लेकिन जवाब में भारत की शुरुआत काफ़ी ख़राब रही.

भारत को पहला झटका उस समय लगा, जब वीरेंदर सहवाग सिर्फ़ नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद गौतम गंभीर और राहुल द्रविड़ ने संभल कर खेलना शुरू किया.

लगा जैसे वे भारत को संकट से निकाल लेंगे. लेकिन स्पिनर ग्रैम स्वान ने अपने पहले ही ओवर में दो दिग्गजों को पवेलियन का रास्ता दिखाकर भारत को संकट में डाल दिया.


चेन्नई टेस्ट का दूसरा दिन

चेन्नई टेस्ट का पहला दिन


पहले गौतम गंभीर आउट हुए तो उसी ओवर में राहुल द्रविड़ ने भी अपना विकेट गँवा दिया. गंभीर ने 19 रन बनाए जबकि द्रविड़ सिर्फ़ तीन रन बनाकर चलते बने.

सिर्फ़ 37 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण ने पारी संभालने की कोशिश की. दोनों स्कोर को 98 रन तक ले गए.

इस स्कोर पर वीवीएस लक्ष्मण 24 रन बनाकर मोंटी पनेसर की गेंद पर आउट हो गए. लेकिन भारत को उस समय ज़बरदस्त झटका लगा जब जल्द ही सचिन भी आउट हो गए.

सचिन 37 रन बनाकर एंड्रयू फ़्लिंटफ़ की गेंद पर आउट हो गए. युवराज सिंह लंबे समय बाद टेस्ट टीम में शामिल किए गए हैं. लेकिन वे भी 14 रन ही बना सके.

दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 24 और हरभजन सिंह 13 रन बनाकर खेल रहे हैं. इंग्लैंड की ओर से ग्रैम स्वान ने दो विकेट लिए जबकि जेम्स एंडरसन, मोंटी पनेसर, एंड्रयू फ़्लिंटफ़ और स्टीव हार्मिसन को एक-एक विकेट मिले हैं.

इंग्लैंड की पारी

इससे पहले इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 316 रन बनाकर आउट हो गई. पहले दिन के स्कोर पाँच विकेट पर 229 रन से आगे खेलते हुए इंग्लैंड ने अच्छी शुरुआत नहीं की.

इसी स्कोर पर इंग्लैंड का छठा विकेट गिर गया. एंड्रयू फ़्लिंटफ़ ने 18 रन बनाए. जेम्स एंडरसन और मैट प्रायर ने सातवें विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की.

एंडरसन 19 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद तो इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों के पवेलियन लौटने का सिलसिला शुरू हो गया. ये ज़रूर था कि मैट प्रायर दूसरे छोर से डटे थे और उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा किया.

वे 53 रन बनाकर नाबाद रहे. इंग्लैंड की पूरी टीम 316 रन बनाकर आउट हो गई. मैट प्रायर के अलावा इंग्लैंड की पारी में एंड्रयू स्ट्रॉस ने शानदार शतक लगाया जबकि एलेस्टर कुक ने 52 रनों की पारी खेली.

भारत की ओर से हरभजन सिंह और अमित मिश्रा ने तीन-तीन विकेट लिए. ज़हीर ख़ान को दो विकेट मिले. युवराज सिंह और ईशांत शर्मा ने एक-एक विकेट लिया.