http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 29 नवंबर, 2008 को 15:59 GMT तक के समाचार

'भारतीय टीम के दौरे की संभावना नहीं'

पाकिस्तान क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के चेयरमैन एजाज़ बट्ट ने कहा है कि मुंबई में हुए हमलों के बाद भारतीय टीम का पाकिस्तान दौरा जनवरी में होने की संभावना नहीं दिख रही है.

बट्ट ने कहा कि इस बारे में भारतीय क्रिकेट बोर्ड से चर्चा के बाद मंगलवार को इस पर पक्का निर्णय किया जाएगा.

उन्होंने कहा, "मुंबई की दुखद घटना से पहले तक हम आश्वस्त थे कि भारतीय टीम पाकिस्तान आएगी लेकिन अब स्थितियाँ बदल गई हैं और सरकारों को ही इसका फ़ैसला करना होगा."

पाकिस्तान की टीम ने दिसंबर 2007 के बाद से कोई टेस्ट सिरीज़ नहीं खेली है, बट्ट का कहना है कि वे दौरे को मुमकिन बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे.

उन्होंने कहा, "मेरी प्रयास रहेगा कि टीम को जितना हो सके टेस्ट मैच खेलने को मिले ताकि हमारे खिलाड़ी टेस्ट मैच के अनुरूप ख़ुद को ढाल सकें."

मुंबई के बम धमाकों के बाद इंग्लैंड की क्रिकेट टीम सिरीज़ के दो बाक़ी बचे बनडे मैच छोड़कर स्वदेश लौट गई है, दो टेस्ट मैच भी खेले जाने बाक़ी थे जिसके टीम दिसंबर में वापस आएगी.

तीन दिसंबर से शुरु होने वाले क्रिकेट चैम्पियंस लीग को भी मुंबई के हमलों के बाद टाल दिया गया है.

बट्ट ने कहा, "यह किसी के लिए भी अच्छी स्थिति नहीं है. अगर भारत की टीम पाकिस्तान आने का फ़ैसला करती है तो इससे आतंकवादियों को स्पष्ट संदेश जाएगा कि दोनों देशों के लोग डरने वाले नहीं हैं और आतंकवादी उन्हें सामान्य जीवन जीने से नहीं रोक सकते."

उन्होंने कहा, "हम 200% कोशिश कर रहे हैं कि भारतीय टीम पाकिस्तान आ जाए, अगर वे नहीं आते हैं तो हम किसी तीसरे देश में भी खेल सकते हैं."

भारतीय टीम को पाकिस्तान का 46 दिन का दौरा करना था जिसके दौरान उन्हें तीन टेस्ट मैच, पाँच वनडे और एक ट्वेंटी20 मैच खेलना था.