गुरुवार, 20 नवंबर, 2008 को 03:34 GMT तक के समाचार
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में तीसरा वनडे मैच धुँध के कारण कुछ देर से शुरु हुआ है और इसके कारण खेल को 50 की जगह 49 ओवरों का कर दिया गया है.
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.
सात एकदिवसीय मैचों की इस सिरीज़ में भारत लगातार दो मैचों में शानदार जीत दर्ज करके 2-0 से आगे चल रहा है.
हालांकि भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा है कि सात मैचों की सिरीज़ में दो जीतों को बड़ी जीत नहीं माना जा सकता.
ज़ाहिर है कि भारत अपने बल्लेबाज़ों के शानदार फार्म की बदौलत तीसरे मैच में भी जीत दर्ज करवाना चाहेगा.
वहीं यह मैच इंग्लैंड के कप्तान पीटरसन के लिए चुनौती साबित होने जा रहा है कि वे किस तरह अपनी टीम को सिरीज़ में वापस लाते हैं.
इंग्लैंड को युवराज सिंह का भी तोड़ ढूंढना होगा. उन्होंने पिछले दो मैचों में शतक जमाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी.
भारत उम्मीद कर रहा है कि युवराज सिंह कानपुर में भी शतक लगाकर अपने शतकों की हैटट्रिक पूरी करेंगे.
टीमें
भारत-वीरेंदर सहवाग, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, यूसुफ़ पठान, महेंद्र सिंह धोनी ( कप्तान और विकेटकीपर), मुनाफ़ पटेल, ज़हीर खान, हरभजन सिंह, इशांत शर्मा.
इंग्लैंड- इयान बेल, मैट प्रायर ( विकेटकीपर), ओवैस शाह, केविन पीटरसन ( कप्तान), एंड्रयू फ्लिंटॉफ, पॉल कोलिंगवुड, समित पटेल, रवि बोपारा, स्टुअर्ड ब्रोड, ग्रैम स्वान, जेम्स एंडरसन