http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 03 नवंबर, 2008 को 11:38 GMT तक के समाचार

सचिन पर बयान से पलट गई पुलिस

सचिन तेंदुलकर को चरमपंथी संगठन जैशे मोहम्मद से धमकी मिलने की सूचना देने के कुछ घंटों बाद ही नागपुर पुलिस अपने बयान से पलट गई है.

अब नागपुर पुलिस का कहना है कि सचिन या किसी भी खिलाड़ी को व्यक्तिगत रूप से कोई ख़तरा नहीं है और न ही उन्हें ऐसी सूचना मिली है.

नागपुर के पुलिस आयुक्त प्रवीण दीक्षित ने सोमवार सुबह को ही पत्रकारों से बातचीत में यह दावा किया था कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को जैशे मोहम्मद से धमकी मिली है और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय पुलिस को सतर्क किया है

नागपुर में छह नवंबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच होना है.

प्रवीण दीक्षित ने अपने नए बयान में कहा है, "किसी भी खिलाड़ी को कोई विशेष ख़तरा नहीं है और न ही ऐसी सूचना है. हम सामान्य रूप से नागपुर टेस्ट के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों को सुरक्षा देंगे."

सोमवार सुबह को पुलिस आयुक्त ने दावा किया था कि केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने तेंदुलकर को ख़तरे के बारे में उन्हें निर्देश दिया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ नागपुर पुलिस के इस दावे पर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियाँ चकित थी और सुरक्षा अधिकारियों को वर्ष 2002 में मिली ऐसी धमकी के बाद कोई नई धमकी की जानकारी नहीं थी.

पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक़ दरअसल नागपुर पुलिस वर्ष 2002 के निर्देश का ही हवाला दे रही थी, जब केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसे निर्देश जारी किए थे कि जैशे मोहम्मद सचिन तेंदुलकर और अन्य वीआईपी लोगों को निशाना बना सकता है.