http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 01 नवंबर, 2008 को 14:51 GMT तक के समाचार

गंभीर मामले की सुनवाई करेंगे सैक्स

जस्टिस एल्बी सैक्स गौतम गंभीर पर लगी एक टेस्ट मैच की पाबंदी के ख़िलाफ़ अपील की सुनवाई करेंगे.

दिल्ली टेस्ट के दौरान शेन वॉटसन को कोहनी मारने के आरोप में मैच रेफ़री क्रिस ब्रॉड ने गंभीर पर एक टेस्ट मैच की पाबंदी लगाई है.

लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील की है. जस्टिस एल्बी सैक्स दक्षिण अफ़्रीका की संवैधानिक अदालत में एक वरिष्ठ जज हैं.

दक्षिण अफ़्रीका क्रिकेट बोर्ड की ओर से वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के आचार संहिता आयोग में नियुक्त किए गए हैं.

शुक्रवार को आईसीसी को बीसीसीआई की ओर से अपील का नोटिस मिला और उसके बाद जस्टिस सैक्स को सुनवाई के लिए नियुक्त किया गया है.

निर्देश

जस्टिस सैक्स सुनवाई के बारे में निर्देश जारी करेंगे. आईसीसी के नियमों के मुताबिक़ आयुक्त की नियुक्ति के सात दिनों के अंदर मामले पर सुनवाई होनी चाहिए.

शुक्रवार को आईसीसी मैच रेफ़री क्रिस ब्रॉड ने गौतम गंभीर पर एक टेस्ट मैच के लिए पाबंदी लगाई थी. गौतम गंभीर पर आईसीसी की आचार संहिता सी-1, लेवल-2 के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया था.

इस आचार संहिता के मुताबिक़ खिलाड़ी को हमेशा खेल भावना के तहत व्यवहार करना चाहिए. भारत की पहली पारी के दौरान गौतम गंभीर शेन वॉटसन से टकरा गए थे.

दरअसल पहला रन लेने के दौरान पहले शेन वॉटसन गंभीर के रास्ते में आ गए. लेकिन दूसरा रन लेते समय गंभीर वॉटसन से टकरा गए. गंभीर पर आरोप है कि उन्होंने वॉटसन को जान-बूझकर कोहनी मारी.

वॉटसन के ख़िलाफ़ भी आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया गया लेकिन उन्हें सिर्फ़ मैच फ़ीस का 10 प्रतिशत काटने की सज़ा मिली.