http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 30 अक्तूबर, 2008 को 09:07 GMT तक के समाचार

दिल्ली टेस्ट में भारत का दबदबा

दिल्ली टेस्ट में गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण की बल्लेबाज़ी की बदौलत भारत ने अपनी पहली पारी सात विकेट पर 613 रन बनाकर घोषित की.

जवाब में दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गँवाए 50 रन बनाए. मैथ्यू हेडन 16 और साइमन कैटिच 29 रन पर नाबाद हैं.

लेकिन दूसरे दिन के खेल का आकर्षण रहे गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण. दोनों ने शानदार दोहरा शतक लगाया. गंभीर का ये पहला दोहरा शतक था, तो लक्ष्मण का दूसरा.

वीवीएस लक्ष्मण 200 रन पर और ज़हीर ख़ान 28 रन पर नाबाद रहे.


दिल्ली टेस्ट का दूसरा दिन

दिल्ली टेस्ट का पहला दिन


भारतीय पारी में गौतम गंभीर ने 206, वीवीएस लक्ष्मण ने 200, सचिन तेंदुलकर ने 68, अनिल कुंबले ने 45, ज़हीर ख़ान ने 28 और महेंद्र सिंह धोनी ने 27 रनों की पारी खेली.

दूसरे दिन का खेल जब शुरू हुआ उस समय भारत का स्कोर था तीन विकेट के नुक़सान पर 296 रन. उस समय गौतम गंभीर 149 पर और वीवीएस लक्ष्मण 54 रन पर नाबाद थे.

दोनों ने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन जारी रखा. वीवीएस लक्ष्मण ने अपना शतक पूरा किया तो गौतम गंभीर ने अपना दोहरा शतक.

शतक

जबकि गौतम गंभीर ने अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया.

दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 288 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. सबसे पहले आउट हुए गौतम गंभीर. दोहरा शतक लगाने के बाद वे ज़्यादा देर नहीं टिक पाए और 206 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

उन्हें शेन वॉटसन ने आउट किया. सौरभ गांगुली सिर्फ़ पाँच रन बना पाए. तो धोनी ने फटाफट 27 रन बनाकर पवेलियन की राह पकड़ी. इसके बाद कप्तान अनिल कुंबले ने 45 फटाफट रन बनाए.

ज़हीर ख़ान ने भी 28 रनों की पारी खेली. वीवीएस लक्ष्मण ने अपना दोहरा शतक पूरा किया और इसके बाद कप्तान कुंबले ने पारी समाप्त घोषित कर दी.

पहले दिन भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर ने 68 रनों की पारी खेली थी.

ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल जॉनसन ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए. शेन वॉटसन को दो विकेट मिले हैं. एक विकेट ब्रेट ली और एक विकेट साइमन कैटिच के खाते में गया है.