http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 24 अक्तूबर, 2008 को 12:00 GMT तक के समाचार

जेफ़ लॉसन की कोच पद से छुट्टी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने जेफ़ लॉसन को टीम के कोच पद से हटा दिया है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी लॉसन को 15 महीने पहले ही कोच बनाया गया था.

पीसीबी के प्रवक्ता रज़ा रशीद ने यह जानकारी दी है. कोच के साथ-साथ बोर्ड के मुख्य संचालन अधिकारी शफ़क़त नग़मी को भी हटा दिया गया है.

तीन दिन पहले ही एजाज़ बट को बोर्ड का नया चेयरमैन बनाया गया था. उसी दिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि लॉसन का अनुबंध नहीं बढ़ाया जाएगा क्योंकि टीम के लिए वे उपयोगी नहीं हैं.

पिछले साल जुलाई में जेफ़ लॉसन को पाकिस्तान को कोच नियुक्त किया गया था. पिछले साल ही विश्व कप में पाकिस्तानी टीम की काफ़ी दुर्गति हुई थी.

पाकिस्तान की टीम पहले ही दौर में विश्व कप से बाहर हो गई थी और उस समय टीम के कोच बॉव वूल्मर अपने होटल के कमरे में मृत पाए गए थे जिसे लेकर काफ़ी विवाद हुआ था.

मांग

इस महीने के शुरू में कनाडा में हुई चार देशों की ट्वेन्टी-20 प्रतियोगिता के फ़ाइनल में पाकिस्तान श्रीलंका से हार गया था. इसके बाद लॉसन को पद से हटाने की मांग तेज़ हो गई थी.

अगले साल जनवरी-फरवरी में पाकिस्तान को भारत के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ में हिस्सा लेना है. मीडिया के कई हलकों में इस बात को लेकर चर्चा तेज़ है कि पूर्व कप्तान और पूर्व कोच जावेद मियाँदाद को नया कोच बनाया जा सकता है.

पीसीबी ने मुख्य संचालन अधिकारी शफ़क़त नग़मी को भी हटा दिया है और उनके सारे अधिकार सलीम अल्ताफ़ को सौंप दिए गए हैं.

सलीम अल्ताफ़ को बोर्ड का महानिदेशक बनाया गया है और उनके पास मुख्य संचालन अधिकारी के भी अधिकार होंगे. पिछले 10 वर्षों में पाकिस्तान में 11 कोच रह चुके हैं.