मंगलवार, 21 अक्तूबर, 2008 को 20:34 GMT तक के समाचार
भारत के तेज़ गेंदबाज़ ज़हीर ख़ान पर मोहाली टेस्ट के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिके़ट परिषद (आईसीसी) की आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में 80 फ़ीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है.
आरोपों के अनुसार हेडन जब ऑफ़ स्पिनर हरभजन सिंह की गेंद पर आउट होकर वापस लौट रहे थे तो फील्डिंग कर रहे ज़हीर ने इसकी खुशी मनाने के लिए अपने साथी खिलाड़ियों की ओर दौड़ने से पहले मैथ्यू हेडन का पीछा किया और आक्रामक रूप से दौड़कर उनका चक्कर लगाया.
हालांकि उनकी इस प्रतिक्रिया पर हेडन ने अंपायर की ओर से देखकर इसकी शिकायत की थी.
इस कारण मैच रेफ़री ब्रैड ने उन्हें तलब किया.
आईसीसी के मैच रेफ़री क्रिस ब्रैड ने मामले की सुनवाई के दौरान ज़हीर को आईसीसी आचार संहिता की धारा एक को तोड़ने का दोषी पाया.
इसमें कहा गया है कि खिलाड़ी पूरे समय खेल भावना और क्रिकेट के नियमों में रहकर ही खेलेगा.
ब्रैड ने कहा कि इस सिरीज़ से पहले उन्होंने दोनों टीमों के साथ मुलाक़ात की थी और खिलाड़ियों के प्रति सम्मान के मुद्दे पर चर्चा की थी.
इसके बावजूद ज़हीर का इस प्रकार का व्यवहार बहुत निराशाजनक है.
मैच रेफ़री ने कहा कि उन्होंने ज़हीर पर जुर्माना लगाने से पहले इस बात को ध्यान में रखा कि ज़हीर का रिकॉर्ड अच्छा रहा है.
सुनवाई के दौरान ज़हीर ने अपनी ग़लती मानी और भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही.
उल्लेखनीय है कि ज़हीर ख़ान के ख़िलाफ़ अंपायरों ने आरोप लगाए थे.