शुक्रवार, 17 अक्तूबर, 2008 को 05:25 GMT तक के समाचार
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मोहाली टेस्ट के पहले दिन भारत ने अपनी स्थिति मज़बूत कर ली है. पहले दिन का खेल ख़त्म होने पर स्कोर था पाँच विकेट पर 311 रन.
सौरभ गांगुली 54 और ईशांत शर्मा दो रन बनाकर नाबाद थे. लेकिन पहले दिन के हीरो रहे सचिन तेंदुलकर, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.
सचिन ने टेस्ट क्रिकेट में 12 हज़ार रन भी पूरे किए. सचिन से पहले ये रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम था. लारा ने 131 टेस्ट मैचों में 11,953 रन बनाए थे.
मोहाली टेस्ट से पहले सचिन को लारा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 15 रनों की आवश्यकता थी. जिसे उन्होंने आसानी से पूरा कर लिया.
सचिन दुर्भाग्यशाली रहे और शतक नहीं बना सके. सचिन 88 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने सौरभ गांगुली के साथ पाँचवें विकेट की साझेदारी 142 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की.
अपना आख़िरी टेस्ट सिरीज़ खेल रहे सौरभ गांगुली ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया और अभी वे नाबाद हैं. इसी पारी के दौरान गांगुली ने टेस्ट क्रिकेट में अपने सात हज़ार रन भी पूरे किए.
भारतीय पारी
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. सहवाग 36 गेंदों पर 35 रनों का अच्छा योगदान देकर आउट हुए.
दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए राहुल द्रविड़, जिन्होंने 39 रन बनाए. गौतम गंभीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक लगाया पर 67 रनों के बाद आउट हो गए.
वीवीएस लक्ष्मण कुछ ख़ास नहीं कर सके और 12 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद सचिन तेंदुलकर और सौरभ गांगुली ने भारतीय पारी संभाली.
सचिन तेंदुलकर 88 रन बनाकर आउट हुए. पहले दिन के खेल की समाप्ति पर भारत का स्कोर था पाँच विकेट के नुक़सान पर 311 रन.
सौरभ गांगुली 54 और ईशांत शर्मा दो रन बनाकर नाबाद थे. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल जॉनसन ने तीन विकेट लिए. ब्रेट ली और पीटर सिडेल को एक-एक विकेट मिला.
कंधे की चोट से परेशान अनिल कुंबले इस टेस्ट मैच में नहीं खेल रहे हैं. उनकी जगह कप्तानी कर रहे हैं महेंद्र सिंह धोनी. टीम में कुंबले की जगह मिली है अमित मिश्रा को.