http://www.bbcchindi.com

रविवार, 12 अक्तूबर, 2008 को 06:13 GMT तक के समाचार

भारत की पारी 360 रन पर सिमटी

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच बंगलौर में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन भारत की पहली पारी 360 रनों पर सिमट गई.

इस तरह भारत ऑस्ट्रेलिया से पहली पारी के स्कोर के आधार पर 70 रन पिछड़ गया है.

निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन की बदौलत भारत 360 का स्कोर खड़ा कर पाया.

ज़हीर ख़ान ने सर्वाधिक 57 रन बनाए और वो नाबाद रहे. हरभजन सिंह ने 54 रनों का योगदान दिया.

दूसरी ओर ख़बरें हैं कि कप्तान अनिल कुंबले के कंधे में चोट लग गई हैं और उनका गेंदबाज़ी करना संदिग्ध है.


तीसरे दिन के खेल की तस्वीरें

दूसरे दिन के खेल की तस्वीरें

पहले दिन के खेल की तस्वीरें


रविवार को ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों ने भारतीय निचले क्रम के खिलाड़ियों को जल्दी जल्दी आउट कर दिया.

कप्तान अनिल कुंबले पाँच रन बना पाए और उन्हें वाटसन की गेंद पर एलबीडब्ल्यू करार दिया गया.
ईशांत शर्मा 6 रन बनाकर क्लार्क की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए.

इसके पहले हरभजन सिंह ने और ज़हीर ख़ान ने अपने बल्ले का कमाल दिखाया था और दोनों ने आठवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण 80 रन जोड़े थे.

एक बार फिर अच्छी शुरुआत के बाद भारत का मध्यक्रम लड़खड़ा गया था.

भज्जी और ज़हीर के अलावा सहवाग, राहुल द्रविड़ और सौरभ गांगुली ने भारत की लाज बचाने में मदद की.

मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर फिर नाकाम रहे और सिर्फ़ 13 रन बनाकर चलते बने. जबकि वीवीएस लक्ष्मण अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में कप्तान रिकी पोंटिंग और माइकल हसी के शतकों की बदौलत 430 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था.