मंगलवार, 07 अक्तूबर, 2008 को 22:13 GMT तक के समाचार
भारतीय चयन समिति के प्रमुख कृष्णामाचारी श्रीकांत ने सौरभ गांगुली के ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के बाद संन्यास लेने के फ़ैसले का स्वागत किया है.
श्रीकांत ने बंगलौर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वो श्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने सही फ़ैसला किया है.
उनका कहना था कि सौरभ गांगुली ने कप्तान और खिलाड़ी के रूप में देश का मान बढ़ाया है.
श्रीकांत का कहना था,'' सौरभ गांगुली ने मुझसे और अन्य चयनकर्ता नरेंद्र हिरवानी से बात की थी. वो बिना किसी विवाद के एक शांतिपूर्ण सिरीज़ चाहते थे. मुझे उम्मीद है कि वो एक दो शतक लगाकर खेल से विदा होंगे.''
श्रीकांत ने कहा कि गांगुली दुनिया के बेहतरीन कप्तानों में से एक रहे हैं और वो उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं.
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को सौरभ गांगुली ने संन्यास लेने की घोषणा करते हुए कहा था कि ऑस्ट्रेलिया सीरिज़ उनकी आखिरी सीरिज़ होगी.
बंगलौर में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह घोषणा बिल्कुल अचानक की.
जब पत्रकारवार्ता ख़त्म होने वाली थी, गांगुली ने कहा कि वो कुछ कहना चाहते हैं.
फिर गांगुली ने कहा,'' आप यहाँ से जाएं इससे पहले मैं एक बात कहना चाहूंगा कि ये मेरी आख़िरी सिरीज़ होगी. मैंने संन्यास लेने का फ़ैसला कर लिया है और यहां आने से पहले मैने टीम को यह बता दिया था.''
इसके बाद गांगुली ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया.
उल्लेखनीय है कि गांगुली पिछले कुछ वर्षों से वनडे टीम में शामिल नहीं किए गए थे और ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ सिरीज़ में भी उनको शामिल करने की संभावना कम दिख रही थी.