http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 04 अक्तूबर, 2008 को 13:12 GMT तक के समाचार

मैगेन की जगह व्हाइट को मिली

भारत के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के लिए स्पिनर ब्राइस मैगेन की जगह कैमरून व्हाइट को ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया है. कंधे की चोट के कारण मैगेन को भारत दौरे से वापस जाना पड़ा था.

इस समय भारत में मौजूद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में राष्ट्रीय चयन आयोग के चेयरमैन एंड्रयू हिल्डिच ने बताया कि कैमरून व्हाइट के आने से टीम में संतुलन बन जाएगा.

ऑस्ट्रेलिया ने पहले अपनी टीम में स्पिन आक्रमण का ज़िम्मा मैगेन पर छोड़ा था. लेकिन कंधे की चोट से परेशान मैगेन को बिना कोई मैच खेले ही ऑस्ट्रेलिया लौटना पड़ा.

हैदराबाद में पत्रकारों से बातचीत में हिल्डिच ने कहा, "कंधे की चोट के कारण मैगेन को टीम से हटना पड़ा और कैमरून व्हाइट को मौक़ा मिल गया."

सुधार

कैमरून व्हाइट दाएँ हाथ से लेग स्पिन गेंदबाज़ी करते हैं. ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि भारतीय पिच पर व्हाइट अपने अनुभव का अच्छा इस्तेमाल कर सकते हैं.

कैमरून व्हाइट हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए की टीम के कप्तान के रूप में भारत दौरे पर आए थे. हिल्डिच ने बताया कि पिछले कुछ समय में व्हाइट की गेंदबाज़ी में लगातार सुधार हुआ है.

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ का पहला टेस्ट नौ अक्तूबर से बंगलौर में खेला जाएगा.

भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सिरीज़ का कार्यक्रम

1. पहला टेस्ट: 9 से 13 अक्तूबर (बंगलौर)
2. दूसरा टेस्ट: 17 से 21 अक्तूबर (मोहाली)
3. तीसरा टेस्ट: 29 अक्तूबर से दो नवंबर (दिल्ली)
4. चौथा टेस्ट: 06 से 10 नवंबर (नागपुर)