शनिवार, 04 अक्तूबर, 2008 को 11:57 GMT तक के समाचार
भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के लुकास ड्लोही की जोड़ी जापान ओपन टेनिस प्रतियोगिता के फ़ाइनल में पहुँच गई है.
टोक्यो में चल रही इस प्रतियोगिता के सेमी फ़ाइनल मैच में पेस और ड्लोही ने अमरीका के रॉबर्ट केंड्रिक और फिनलैंड के यार्को निएमिनेन को सीधे सेटों में 6-4 और 7-6 से मात दी.
आठ लाख 69 हज़ार डॉलर की इस ईनामी प्रतियोगिता के मुक़ाबले हार्ड कोर्ट पर खेले जाते हैं. पेस और ड्लोही का सेमी फ़ाइनल मैच एक घंटे 11 मिनट तक चला.
क्वार्टर फ़ाइनल की तरह पेस और ड्लोही ने मैच की शुरुआत शानदार की और पहला सेट तो क़रीब-क़रीब एकतरफ़ा रहा.
मुक़ाबला
पहले सेट में पेस और ड्लोही की जोड़ी ने पाँच ब्रेक प्वाइंट हासिल किए. केंड्रिक और निएमिनेन की जोड़ी कुछ ख़ास नहीं कर पाई. उन्हें अपनी सर्विस बचाने में भी मशक्कत करनी पड़ रही थी.
पेस-ड्लोही ने पहला सेट 6-4 से जीतकर शानदार शुरुआत की. दूसरे सेट में स्थितियाँ थोड़ी बदलीं. उन्होंने इसमें भी सर्विस भी ब्रेक की.
लेकिन उनकी भी सर्विस टूटी. दूसरा सेट एक बार फिर टाई ब्रेकर में गया और फिर पेस-ड्लोही ने अनुभव का लाभ उठाते हुए जीत हासिल की.
पिछले सप्ताह ही पेस और ड्लोही ने थाईलैंड ओपन का ख़िताब जीता था.