रविवार, 28 सितंबर, 2008 को 02:54 GMT तक के समाचार
चाइना मास्टर्स सुपर सिरीज़ में भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल की चुनौती ख़त्म हो गई है. सेमीफ़ाइनल में हॉंगकॉंग की मी ज़ू ने उन्हें हरा दिया.
बीजिंग ओलंपिक के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचने के बाद हाल ही में चीनी ताइपे ग्रां प्री टूर्नामेंट की विजेता साइना नेहवाल पूरे मैच के दौरान क्षमता से कम प्रदर्शन करती हुई दिखीं.
उनकी शुरुआत बेहद ख़राब रही जिसका फ़ायदा उठाते हुए मी ज़ू ने उन्हें महज 26 मिनटों के खेल में 4-21 और 19-21 से हरा दिया.
मी ज़ू ने ही साइना को पिछले सप्ताह जापान ओपन सुपर सिरीज़ के पहले दौर में हराया था. अब फ़ाइनल में ज़ू की भिड़ंत मेज़बान खिलाड़ी लिन वाग से होगी.
साइना के ख़िलाफ़ ज़ू ने शानदार नेट खेल का प्रदर्शन किया और उसके स्मैशों का साइना के पास कोई जवाब नहीं था.
हॉंगकॉंग की इस खिलाड़ी ने साइना के पाँच के मुक़ाबले 11 विजयी स्मैश जमाए.
साइना ने क्वार्टर फ़ाइनल में दुनिया की नंबर छह खिलाड़ी चीन की लिन ज़ू को मात दी थी.