http://www.bbcchindi.com

खेल मंत्रालय के अधीन पीसीबी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को उस समय तक के लिए खेल मंत्रालय के अधीन कर दिया गया है, जब तक बोर्ड का अध्यक्ष नहीं नियुक्त किया जाता.

खेल मंत्रालय पीसीबी के दिन-प्रतिदिन के कामकाज के लिए एक अधिकारी की नियुक्ति करेगा. खेल मंत्री नजमुद्दीन ख़ान ने बताया कि इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है.

अधिसूचना जारी होने से पहले पीसीबी के संविधान में थोड़ा बदलाव भी किया गया. ताकि खेल मंत्रालय पीसीबी की निगरानी कर सके.

कराची में खेल मंत्री ने पत्रकारों को बताया, "हम सोमवार को एक अधिकारी की नियुक्ति कर देंगे. वो अधिकारी पीसीबी के वित्तीय, प्रशासनिक और क्रिकेट मामलों का काम देखेगा."

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि अभी उसे इस बारे में अधिसूचना नहीं मिली है. हालाँकि पीसीबी के संविधान में संशोधन पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं.

पीसीबी के वकील तफ़ज़्ज़ुल रिज़वी ने कहा, "हम इस पर उस समय तक टिप्पणी नहीं कर सकता हूँ जब तक कि मैं अधिसूचना न देख लूँ."

पीसीबी पाकिस्तान की सबसे धनी खेल संस्था है. पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद नसीम अशरफ़ ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.