सोमवार, 15 सितंबर, 2008 को 13:43 GMT तक के समाचार
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्पष्ट किया है कि शनिवार को दिल्ली में हुए बम धमाकों का असर ऑस्ट्रेलियाई टीम के भारत दौरे पर नहीं पड़ेगा.
ग़ौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम अक्तूबर में भारत का दौरा करने वाली है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारी पीटर यंग ने सोमवार को बताया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम का दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होगा.
पीटर यंग के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के लिए अगले रविवार को रवाना होगी.
इस पहले ख़बर आई थी कि दिल्ली में हुए धमाकों के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भारत में सुरक्षा स्थिति का आकलन कर रहा है.
पीटर यंग ने बताया, "हमारी स्थिति स्पष्ट है कि दौरा होने जा रहा है जब तक कोई और अन्य वजह न हो."
इस साल ऑस्ट्रेलिया की टीम ने सुरक्षा चिंता के कारण पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया था. पाकिस्तान में स्थगित हुई चैंपियंस ट्राफ़ी को दोबारा वहाँ करवाने को लेकर भी ऑस्ट्रेलिया अपनी चिंता जता चुका है.
दिल्ली में शनिवार को हुए पाँच धमाकों में कम से कम 20 लोग मारे गए थे.
ऑस्ट्रेलिया की टीम चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ के लिए भारत आने वाली है.
पहला टेस्ट मैच नौ अक्तूबर को बंगलौर में होना है जबकि तीसरा मैच 29 अक्तूबर को दिल्ली में होगा.