http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 08 सितंबर, 2008 को 09:49 GMT तक के समाचार

ईरानी ट्रॉफ़ी से गांगुली का पत्ता कटा

ईरानी ट्रॉफ़ी के लिए शेष भारत की टीम में पूर्व भारतीय कप्तान सौरभ गांगुली और युवराज सिंह को शामिल नहीं किया गया है.

राहुल द्रविड़ और मोहम्मद कैफ़ इस टीम का हिस्सा रहेंगे. कोहनी की चोट के कारण श्रीलंका के ख़िलाफ़ एक दिवसीय सिरीज़ से दूर रहे सचिन तेंदुलकर भी ईरानी ट्रॉफ़ी में हिस्सा लेंगे.

सचिन के अलावा वीवीएस लक्ष्मण, वसीफ़ जाफ़र और महेंद्र सिंह धोनी टीम में रहेंगे.

टीम से गांगुली का नाम न होने के बाद से उनके क्रिकेट करियर पर सवालिया निशान लग रहे हैं.

श्रीलंका में हुई वनडे सिरीज़ में उन्हें शामिल नहीं किया गया था. श्रीलंका टेस्ट सिरीज़ में गांगुली खेले तो थे पर उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था.

रेस्ट ऑफ़ इंडिया टीम की कप्तानी अनिल कुंबले करेंगे. वडोदरा में 24-28 सितंबर के बीच होने वाले मैच में रेस्ट ऑफ़ इंडिया टीम का मुकाबला रणजी ट्रॉफ़ी चैंपियन दिल्ली से होगा.

राष्ट्रीय चयन समिति के सदस्यों ने ऑस्ट्रेलिया ए और न्यूज़ीलैंड ए के ख़िलाफ़ त्रिकोणीय सिरीज़ के लिए इंडिया ए टीम का चयन भी किया.

इंडिया ए टीम के कप्तान एस बद्रीनाथ होंगे. इसमें सुरेश रैना, रॉबिन उथप्पा, रोहित शर्मा, इरफ़ान पठान और प्रवीण कुमार का नाम शामिल है.

शेष भारत की टीम

अनिल कुंबले(कप्तान), राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण, वसीम जाफ़र, महेंद्र सिंह धोनी, मोहम्मद कैफ़, हरभजन सिंह, प्रज्ञन ओझा, ज़हीर खान, मुनाफ़ पटेल, आरपी सिंह, पार्थिव पटेल, अशोक डिंडा