मंगलवार, 26 अगस्त, 2008 को 10:26 GMT तक के समाचार
श्रीलंका और भारत के बीच कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में मंगलवार को खेला जानेवाला चौथा वनडे मैच बारिश के कारण स्थगित कर दिया गया है. अब ये मैच बुधवार को खेला जाएगा.
मैच शुरू होने से पहले ही बारिश शुरू हो गई थी जिससे प्रेमदास स्टेडियम में पानी भर गया और खेल नहीं हो पाया.
उल्लेखनीय है कि भारत श्रीलंका से 2-1 से आगे है और वह इस मैच को जीतकर सिरीज़ पर कब्ज़ा करने की कोशिश करेगा.
दूसरी ओर श्रीलंका भी सिरीज़ में वापसी की पूरी कोशिश करेगा.
भारत अब तक श्रीलंका में उसके ख़िलाफ़ एक बार भी वनडे सिरीज़ नहीं जीत सका है.
श्रीलंका को सिरीज़ में वापसी के लिए मुरली और मेंडिस को एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा.
साथ ही उसके बल्लेबाजों को भी बेहतर खेल दिखाना होगा. हालांकि दिन-रात के इस मैच में बड़े स्कोर की उम्मीद नहीं जा रही है.
इधर भारतीय क्रिकेट टीम के लिए मुसीबत बनते जा रहे श्रीलंका के गेंदबाज़ अजंता मेंडिस से निपटने के लिए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साथी खिलाड़ियों को मंत्र दिया है.
धोनी का कहना है कि अगर मेंडिस पर दबाव बनाना है तो उन्हें ख़राब गेंदों पर बख़्शा न जाए, उनकी पिटाई की जाए.
भारतीय कप्तान का कहना है कि अगर मेंडिस की गेंदों से बचने की कोशिश की जाएगी तो वे हावी हो जाएँगे.
पाकिस्तान में हुए एशिया कप के बाद से ही भारतीय टीम अजंता मेंडिस से परेशान है. मेंडिस ने भारतीय शीर्ष बल्लेबाज़ों की नाक में दम कर रखा है.